*समुचित मुआवजा के लिए तेज होगा आंदोलन - केशरी* किसानों को अपनी जमीन के समुचित मुआवजा के लिए आंदोलन को तेज करने का समय आ गया है क्योंकि प्रमंडलीय आयुक्त सह आर्बिट्रेटर की अदालत में सुनवाई के एक माह बाद भी आज तक घोषित छह सदस्यीय कमिटी का गठन नहीं किया जा सका है तो किसानों को मुआवजा कब तक मिलेगा। उपर्युक्त बातें किसान समुचित मुआवजा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय केशरी ने नौवागढ़ी कंतपुर बगीचा में किसानों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा। श्री केशरी ने कहा कि प्रमंडलीय आयुक्त सह आर्बिट्रेटर के प्रशिक्षण में चले जाने से किसानों के समुचित मुआवजा की सुनवाई का मामला खटाई में चला गया है जिससे किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सचिव विश्वजीत मल्ल एवं रामानंद प्रसाद सिंह ने कहा कि किसानों को अब पटना हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल करना ही होगा नहीं तो पदाधिकारी किसानों को इसी तरह से व्यवस्था के मकड़जाल में फंसाते रहेंगे। प्रवक्ता संतोष कुमार चौधरी एवं घनश्याम कुमार ने कहा कि किसानों को समुचित मुआवजा की राह में बाधक बने पदाधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से आंदोलन को तेज करने का प्रस्ताव पारित किया गया। मौके पर मो० जियाउद्दीन, रामबहादुर चौधरी, सौरभ सुमन, सुशीला देवी, जुगल किशोर पंडित, सीताराम यादव, रामानंद शास्त्री, अभिराम चौधरी, संतोष यादव, सुनील कुमार गुप्ता, उदय पाल, रंजीत मंडल एवं गोपाल मंडल सहित अनेकों किसान उपस्थित थे।