*मुंगेर जिला में कितने पद खाली हैं और उस पर बहाली कब होगी डीएम साहब - केशरी* शरद पवार विचार मंच के प्रदेश संयोजक संजय केशरी ने डीएम को पत्र लिखकर मुंगेर जिलान्तर्गत सभी विभागों में अनुमानतः चालीस हजार से भी ज्यादा खाली पदों की जानकारी मांगते हुए पूछा है कि इन खाली पदों पर कब तक बहाली होगी। श्री केशरी ने कहा कि बिना अपवाद के आज सभी विभागों में आधा से ज्यादा पद खाली है और एक-एक कर्मी के जिम्मे तीन-तीन चार-चार कर्मियों का कार्यभार है जिसके चलते लोगों का कोई काम नहीं हो पा रहा है और अराजकता की स्थिति बन चुकी है। श्री केशरी ने कहा कि मुंगेर जिला में खाली पड़े लगभग चालीस हजार पदों पर बहाली नहीं निकलने से जहां हर विभागों में जनहित के सभी काम बाधित है तो वहीं दूसरी ओर सड़कों पर बेरोजगारों की फौज बढ़ती जा रही है। श्री केशरी ने सबाल किया कि किसके इंतजार में इन पदों को खाली रखा जा रहा है और इन खाली पड़े पदों पर बहाली कब होगी। एनसीपी नेता संजय केशरी ने आक्रोशित शब्दों में कहा कि बहाली के इंतजार में बेरोजगारों की नौकरी करने की उम्र समाप्त होती जा रही है जिसका इसका दुष्प्रभाव उन बेरोजगारों की पीढ़ियों तक को झेलना पड़ता है। श्री केशरी ने जिला पदाधिकारी को आगाह किया कि मुंगेर जिला में लगभग चालीस हजार खाली पड़े पदों पर बहाली के अघोषित प्रतिबंधों को दूर करने हेतु तत्काल सार्थक कदम उठाए जाएं अन्यथा बेरोजगारों के आक्रोश का सामना करने को तैयार रहें।
