मुंगेर, 27 सितंबर । जिला में अब विशेष सत्र आयोजित कर मानसिक रोगियों का कोरोना टीकाकरण कराया जाएगा । इस संबंध में राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार के अपर निदेशक (प्रतिरक्षण) सह राज्य प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिन्हा ने सभी जिलों के सिविल सर्जन और जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को पत्र लिखकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। इस संबंध में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के द्वारा भी पत्र जारी किया गया था। मुंगेर के सिविल सर्जन डॉ. हरेन्द्र आलोक ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर सचिव (प्रतिरक्षण) सह राज्य प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिन्हा द्वारा जारी पत्र के आलोक में जिला के सभी 18 वर्ष एवं इससे अधिक आयु वर्ग के मानसिक रोग से ग्रसित व्यक्तियों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से कोरोना टीकाकरण कराया जाना है। इसके लिए जिलान्तर्गत मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों से समन्वय स्थापित कर उसी स्थान पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित कर मानसिक रोगियों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा।
