*मेडिकल कॉलेज स्थापित कराने और होम्योपैथिक कॉलेज बचाने के लिए उतरेंगे सड़कों पर - एनसीपी* कोरोना की पहली और दूसरी लहर से बर्बाद होने के बाद कोरोना की तीसरी लहर से भयाक्रांत लोगों को बचाने के लिए ना सिर्फ मेडिकल कॉलेज स्थापित कराने बल्कि स्थापित होम्योपैथिक कॉलेज को बचाने के लिए एनसीपी सड़कों पर उतरने जा रही है। उपर्युक्त बातें एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने दो नंबर गुमटी स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित विचार-गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए कहा। श्री केशरी ने मुंगेर सांसद ललन सिंह पर मुंगेर मेडिकल कॉलेज की राह में बाधा खड़ा करने का इल्ज़ाम लगाते हुए कहा कि रेल सह सड़क पुल का सड़क पुल जैसे ही चालू होगा वैसे ही बेगुसराय में मेडिकल कॉलेज की घोषणा कर मुंगेर में मेडिकल कॉलेज की संभावनाओं पर हमेशा के लिए विराम लगा दिया जाएगा। वरीय नेता अजय प्रसाद सिंह एवं प्रदेश महासचिव राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि मुंगेर की धरोहर गौर बाबू का होम्योपैथिक कॉलेज को एक साज़िश के तहत खत्म किया जा रहा है और यही कारण है कि पिछले चार वर्षों से यहां एडमिशन बंद है। महिला नेत्री सोनी सिन्हा एवं आजाद शर्मा ने कहा कि मुंगेर सदर अस्पताल रेफर अस्पताल बनकर रह गया है जिससे अस्सी प्रतिशत रेफर मरीजों को बेमौत मरना पड़ता है। श्याम कुमार एवं रतन सिन्हा ने मुंगेर में मेडिकल कॉलेज स्थापित कराने तथा होम्योपैथिक कॉलेज बचाने के लिए कोई भी कुर्बानी देने की बात कहीं। विचार-गोष्ठी में निरंजन गुप्ता, अजय प्रसाद, शंकर यादव, दिनेश तांती, ललन बिंद एवं रामबिनय कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
