*सदर अस्पताल में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित होने में बाधक बने हैं सांसद ललन सिंह - केशरी* सांसद ललन सिंह के मुंगेर विरोधी मानसिकता के कारण पीएम केयर फण्ड से देशभर के 551 अस्पतालों में लगने वाले पीएसए ऑक्सीजन प्लांट छह जिलों के प्रमंडलीय और छह विधानसभाओं के संसदीय मुख्यालय मुंगेर में स्थापित नहीं हो पा रहा है। उपर्युक्त बातें एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने एक बयान जारी करते हुए कहा। श्री केशरी ने आक्रोशित शब्दों में कहा कि पीएसए ऑक्सीजन प्लांट बिहार के पन्द्रह जिलों में स्थापित हो रहा है लेकिन मुंगेर में नहीं, जिसके लिए मुंगेर के सांसद ललन सिंह की जितनी भी लानत-मलामत की जाए कम होगी। उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि पिछले साल मुंगेर के मो० सैफ़ ही पूरे बिहार में कोरोना संक्रमण का पहला शिकार हुए थे और उनकी मृत्यु हुई थी। इस साल भी पटना के बाद कोरोना सबसे ज्यादा मुंगेर में दहशत बनाए हुए हैं जिसके कारण पीएसए ऑक्सीजन प्लांट मुंगेर सदर अस्पताल में स्थापित होना चाहिए था। लेकिन मुंगेर में मेडिकल कॉलेज स्थापित होने में बाधक बने सांसद ललन सिंह के काहिली के कारण पीएसए प्लांट मुंगेर में स्थापित नहीं हो पा रहा है। एनसीपी नेता संजय केशरी ने सांसद ललन सिंह को आगाह करते हुए कहा कि एक सप्ताह में मुंगेर सदर अस्पताल में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कराने की घोषणा हो जानी चाहिए नहीं तो एनसीपी कार्यकर्ता जनता की अदालत में मुंगेर के सांसद ललन सिंह के "नाकारेपन की डुगडुगी" बजाने के लिए बाध्य हो जाएंगे।
