परिवहन विभाग ने वाहनों के परमिट और सुरक्षात्मक साधनों के दृष्टिगत किया सघन जांच अभियान प्रारंभ जिले के उमरेठ-मोरडोंगरी मार्ग पर की वाहनों की जांच 12 वाहनों से वसूला गया 36500 रूपये जुर्माना ======================= राज्य शासन द्वारा गुना जिले में हुई बस दुर्घटना के दृष्टिगत दिये गये निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर छिंदवाड़ा के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा वाहनों के जाँच अभियान को और सघन किया गया है और कड़ाई से वाहनों की जांच प्रारंभ कर दी गई है । आज परिवहन विभाग के जाँच दल द्वारा जिले के उमरेठ-मोरडोंगरी मार्ग पर पहुंचकर सभी वाहनों की बारीकी से जाँच की गईं, जिसमें वाहनों के परमिट व सुरक्षात्मक साधनों पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही बस संचालक द्वारा यात्रियों से बलपूर्वक अधिक किराया लेने, क्षमता से अधिक सवारी बसों में बैठाने, वाहनों में किराया सूची नहीं लगाने आदि की लिखित शिकायतों व सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को देखते हुए भी परिवहन जांच दल द्वारा वाहनों की सघन जांच की गई। परमिट व सुरक्षात्मक साधनों के साथ ही सवारी बसों और अन्य सभी छोटे-बड़े वाहनों की फिटनेस संबंधी बारीकी से जाँच की गई जो कि आने वाले समय में निरंतर जारी रहेगी। जिस वाहन में कुछ विशेष खामियां पाई जाएंगी, तो उन वाहनों की यथा स्थान सवारी खाली करवाकर उस सवारी वाहन का तत्काल फिटनेस निरस्त किया जायेगा । जांच के दौरान जिन वाहन संचालकों द्वारा मध्यप्रदेश मोटर यान अधिनियम का उल्लंघन पाया गया, उन वाहनों पर तत्काल चालानी करते हुए लगभग 12 वाहनों से 36500 रूपये जुर्माना लिया गया और 2 वाहन चालकों द्वारा बिना लाइसेंस, बीमा के वाहन संचालित पाये जाने पर वाहन जप्त कर सांवरी पुलिस चौकी की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ खड़ा करवाया गया। अन्य बस संचालकों को भी समझाइश दी गई है कि अगर भविष्य में इस तरह की शिकायत प्राप्त होती है तो परिवहन अधिकारी द्वारा उन वाहनों का परमिट निरस्त करते हुए उन वाहनों की जप्ती की कार्यवाही भी की जायेगी ।