प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं में आवेदन पत्र आमंत्रित ======================= प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत जारी वित्तीय वर्ष में विभिन्न योजनाओं में 31 दिसंबर 2023 तक आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं। इच्छुक हितग्राही निर्धारित तिथि तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्री राजेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत स्वयं की भूमि पर तालाब निर्माण, बायोफ्लॉक का निर्माण, आर.ए.एस.निर्माण, हेचरी निर्माण, आहार संयंत्र, आइस प्लाट और अन्य योजनायें संचालित हैं । इन योजनाओं पर योजना पूर्ण होने के बाद अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और महिला वर्ग के हितग्राहियों को 60 प्रतिशत और सामान्य वर्ग के हितग्राही को 40 प्रतिशत अनुदान प्रदाय किये जाने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि आवेदक को अपने आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड व बैंक पासबुक की फोटो कॉपी, हितग्राही की भूमि का वर्तमान नक्शा व खसरा और स्टीमेट व भूमि के फोटोग्राफ आदि संलग्न करने का प्रावधान है । आवेदकों के आवेदन प्राप्त होने पर कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन कराकर राज्य स्तर पर भेजा जायेगा, इसलिये आवेदक समयावधि में आवेदन प्रस्तुत करें। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिये संबंधित कार्यालय से सम्पर्क किया जा सकता है।