राज्य शासन द्वारा नवीन योजना “मुख्यमंत्री सीखो- कमाओ योजना” को लागू करने की स्वीकृति प्रदाय ======================================== तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा प्रस्तावित नवीन योजना “मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना” को लागू करने की स्वीकृति दी गई है। इस योजना के अंतर्गत कम से कम एक लाख युवाओं को प्रतिष्ठानों में प्रशिक्षण कराने के उद्देश्य से एक हजार करोड़ रूपये की राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। जिले के पात्र एवं इच्छुक युवा इस योजना का लाभ ले सकते हैं । तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मनु श्रीवास्तव ने बताया कि “मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना” के अंतर्गत 18 से 29 वर्ष के युवा जो मध्यप्रदेश के स्थानीय निवासी है और जिनकी शैक्षणिक योग्यता 12वीं अथवा आईटीआई या उच्च है, वे पात्र होंगे। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को 8000 से 10000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेण्ड प्राप्त होगा । स्टाइपेण्ड का 75 प्रतिशत राज्य शासन द्वारा डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के बाद मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड द्वारा स्टेट कौसिंल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग का प्रमाण पत्र दिया जायेगा।