लाड़ली लक्ष्मी उत्सव के दौरान आज से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन प्रारंभ ======================================================= प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 9 से 15 मई तक लाड़ली लक्ष्मी उत्सव सप्ताह का आयोजन जिले की सभी परियोजनाओं, नगरीय निकायों व ग्राम पंचायतों में किया जा रहा है। साप्ताहिक कार्यक्रम में प्रति दिवस अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी तारतम्य में आज जिले की सभी 14 परियोजनाओं व 3057 आंगनवाड़ी केन्द्रो में कक्षा 6 से 12वी तक की लाड़ली बालिकाओं के लिए गठित लाड़ली लक्ष्मी क्लब की बैठक व विभिन्न गतिविधियां संपन्न हुईं । आंगनवाड़ियों में बाल भोज भी हुआ । जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती ज्योति ठाकुर ने बताया कि लाड़ली लक्ष्मी क्लब की बैठक में बाल अधिकार, बालिका शिक्षा, बालिका सुरक्षा, पोषण, एनीमिया, स्वास्थ्य, माहवारी, स्वच्छता, बाल अत्याचार व अन्य संबंधित मुद्दों पर बालिकाओं से चर्चा की गई। बैठक में बालिकाओं की कैरियर काउंसलिंग के लिये परामर्श भी दिया गया। उत्सव के दौरान भाषण, खेल-कूद, नृत्य, संगीत, पेंटिंग, क्वीज आदि प्रतियोगितायें संपन्न हुई। साथ ही उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाली बालिकाओं का सम्मान किया गया ।