एक सहकारी समिति में संचालक मंडल के सदस्यों, पदाधिकारियों व अन्य संस्थाओं में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के निर्वाचन के लिये रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त ======================================== म.प्र.राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी भोपाल श्री एम.बी.ओझा द्वारा श्री गणेश गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित खापाभाट छिंदवाड़ा के संचालक मंडल के सदस्यों, पदाधिकारियों व अन्य संस्थाओं में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के निर्वाचन के लिये वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक श्री पी.एस.परते को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। निर्वाचन की प्रक्रिया 17 मई से प्रारंभ होगी और 8 जून को समाप्त होगी । म.प्र.राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी भोपाल श्री ओझा ने बताया कि निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार महिला पदों के विनिश्चय के लिये संचालक मण्डल की बैठक की सूचना 17 मई को जारी होगी और महिला पदों के विनिश्चय के लिये 20 मई को संचालक मण्डल की बैठक होगी एवं 20 मई को ही आम सभा की सूचना और निर्वाचन कार्यक्रम जारी होगा। अभ्यर्थी 27 मई को नामांकन पत्र प्रस्तुत करेंगे तथा 28 मई को नामांकन पत्रों की जांच कर वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा और 29 मई को नामांकन पत्रों की वापसी के बाद चुनाव लड़ने वाले अंतिम उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन एवं चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जायेगा । इसी प्रकार 4 जून को विशेष साधारण सम्मेलन में मतदान व मतगणना होगी और 5 जून को रिक्त स्थानों का सहयोजन करने के साथ ही अध्यक्ष/उपाध्यक्ष व अन्य संस्थाओं में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के निर्वाचन के लिये सूचना जारी की जायेगी तथा 8 जून को अध्यक्ष/उपाध्यक्ष व अन्य संस्थाओं में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का निर्वाचन किया जायेगा । उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी को निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और अन्य प्रतिबंधात्मक आदेशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश भी दिये हैं ।