झारखंड जल छाजन योजना के अंतर्गत समर्पण चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से प्रखंड के उतासारा पंचायत अंतर्गत बांगा एवं ओरदाना में आयोजित दो दिवसीय कृषि प्रशिक्षण शिविर का समापन सोमवार को किया गया. इस कृषि प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम के प्रायोजक कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों की ओर से प्रखंड के उतासारा पंचायत अंतर्गत बांगा कमार टोला और ओरदाना में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. कृषि विज्ञान केंद्र पेटरवार के प्रधान सह वरीय वैज्ञानिक डॉ अनिल कुमार, वैज्ञानिक डॉ आदर्श कुमार श्रीवास्तव, डॉ नंदना कुमारी, डॉ रूपा रानी व डॉ रश्मि कंडुलना ने किसानों को बेहतर उत्पादन करने का प्रशिक्षण दिया. वैज्ञानिकों ने कहा कि झारखंड सरकार की ओर से बनाये गए जल छाजन से किसान बारहों महीने कृषि कार्य करके आत्मनिर्भर बन सकते हैं. यह जल छाजन कृषि कार्य करने के लिए किसानों के लिए बेहतर साधन है जो किसानों को आजीविका के लिए बेहतर साबित होगा. वैज्ञानिकों ने नई तकनीक के साथ खेती करने पर बल दिया. वैज्ञानिकों ने धान की फसल में होने वाली बीमारी से बचाव के लिए कई सुझाव किसानों को बताया ताकि धान की फसल सहित अन्य फसलों में होने वाली बीमारी से बचाया जा सके.