विद्यापतिनगर । एक ओर जहां आज अभिभावक अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निजी विद्यालयों की रूख कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रखंड क्षेत्र में एक ऐसा विद्यालय भी है जो अपनी शैक्षिक गतिविधियों और बेहतर अनुशासन के लिए हमेशा चर्चा में बना रहता है । यह विद्यालय किसी निजी विद्यालय में कमतर नहीं है, यहां स्मार्ट क्लास में पढ़ कर बच्चे बन रहे हैं स्मार्ट । प्रखंड के मऊ धनेशपुर दक्षिण पंचायत में स्थित कन्या मध्य विद्यालय अपने कार्यकलापों के जरिए एक नई मिसाल पेश कर रहा है । यहां की पठन-पाठन की व्यवस्था और शैक्षणिक माहौल देख कर अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला इस विद्यालय में करवाते हैं । स्थानीय लोगों ने बताया कि यह विद्यालय सीमित संसाधनों में ही बच्चे को निजी विद्यालयों की तरह विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से बेहतर शिक्षा उपलब्ध करा रही है । विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रीति कुमारी ने बताया कि इस विद्यालय में वर्ग 1-8 तक की पढ़ाई होती है, इस विद्यालय में 425 बच्चे नामांकित है, इनमें प्रतिदिन 60-70 प्रतिशत बच्चे उपस्थित रहते हैं । उन्होंने बताया कि विद्यालय में 9 शिक्षक कार्यरत हैं । विद्यालय में पठन-पाठन को बेहतर करने तथा छात्राओं को विद्यालय आने के प्रति आकर्षित करने के लिए प्रतिदिन स्मार्ट क्लास का भी आयोजन किया जाता है । उन्होंने बताया कि प्रखंड का यह पहला मध्य विद्यालय है जहां स्मार्ट क्लास के द्वारा बच्चों को स्मार्ट शिक्षा दी जाती है। मौके पर प्रीति कुमारी, सरिता मिथिलेश, कुषाण आनन्द, पिंकी कुमारी, रीता कुमारी, अंजना सिंह, शांति कुमारी एवं दीपक कुमार मौजूद थे।
