विद्यापतिनगर । प्रखंड अंतर्गत संचालित सभी माध्यमिक विद्यालयों में सोमवार से 9वीं तथा 10वीं कक्षा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सावधिक परीक्षा शुरू हुई, इस के तहत पहले दिन सोमवार को छात्रों ने भाषा विषय के तहत अंग्रेजी तथा हिन्दी की परीक्षा में भाग लिया। सावधिक परीक्षा को लेकर प्रखंड मुख्यालय स्थित विद्यापति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मऊ वाजिदपुर दक्षिण के अलावा विद्यापति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मऊ वाजिदपुर उत्तर, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बढ़ौना, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय शेरपुर, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय मऊ बाजार, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बालकृष्ण पुर मड़वा, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय वाजिदपुर सहित अन्य माध्यमिक विद्यालयों में सोमवार को विशेष चहल-पहल देखी गई। सभी विद्यालयों में सावधिक परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जा रहा है। कुछ उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में आज से सिर्फ 10वीं की परीक्षा शुरू हुई है, जबकि अधिकांश विद्यालयों में प्रथम पाली में 9वीं तथा दूसरी पाली में 10वीं कक्षा की परीक्षा ली जा रही है। विद्यापति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मऊ वाजिदपुर दक्षिण के प्रभारी प्रधानाचार्य अमित भूषण ने बताया कि सोमवार को सावधिक परीक्षा शुरू हुई है, जिसके तहत पहले दिन 10वीं के छात्रों की परीक्षा ली गई है। उन्होंने बताया कि पहली पाली में अंग्रेजी तथा दूसरी पाली में हिन्दी व उर्दू की परीक्षा ली गई है, मंगलवार को संस्कृत एवं सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा होगी। 10 वीं की परीक्षा 24 जुलाई से 26 जुलाई तक चलेगी तथा 27 जुलाई से 9वीं की परीक्षा शुरू होगी।
