विद्यापतिनगर प्रखंड के सिमरी पंचायत स्थित वार्ड नंबर 11 में ईंट सोलिंग सड़क की स्थिति जर्जर हो चुकी है। मुसहरी टोल से सिमरी चौक जाने वाली सड़क से कन्या विद्यालय जाने के लिए एकमात्र ईंट सोलिंग सड़क बनी है, जिसकी स्थिति काफी दयनीय है। सड़क पर काफी गड्ढे बन गए हैं। जिससे राहगीरों को जाने आने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व मुखिया के कार्यकाल में ईंट सोलिंग का काम हुआ था जो पांच सालों में जर्जर हो चुका है। पंचायत की एकाध सड़क को छोड़ दें तो बाकी सड़क की स्थिति ठीक ठाक है, लेकिन यह सड़क काफी जर्जर हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि हमलोग वार्ड सदस्य के पास गए थे, लेकिन वार्ड सदस्य ने कहा कि वार्ड क्रियान्वयन का पैसा खत्म हो गया है। इसलिए यह सड़क अब हम नहीं बना पाएंगे। किसानों का कहना है कि फसल बुआई व कटाई इसी जर्जर रास्ते से होकर ट्रैक्टर पर फसल लोड कर फसल की ढुलाई होती है। सड़क अच्छी नहीं रहने के कारण मजदूर को रखकर घर तक फसल ले जाना पड़ता है। बरसात के दिनों सड़क पर चलना काफी मुश्किल हो जाता है। सड़क पर कीचड़ एवं गड्ढों में पानी भर जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि हमलोग काम कर देर रात घर वापस आते हैं रास्ते में बने गड्ढे से परेशानी होती है।