प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विद्यापतिनगर में आने वाले मरीजों व डॉक्टरों को भवन के अभाव में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सिर्फ तीन कमरे में चल रहे अस्पताल से सभी परेशान हैं। अस्पताल परिसर में एंबुलेंस व गंभीर अवस्था के मरीजों की गाड़ी भी नहीं घुस पा रही है। विद्यापतिनगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन के निर्माण को लेकर पुराने भवन को ध्वस्त कर दिया गया है। चिकित्सा अधिकारियों के दो कमरों में ही अस्पताल का सारा कामकाज किया जा रहा है। इससे कोरोना जांच, आकस्मिक सेवा, टीकाकरण, जच्चा बच्चा केंद्र, इमरजेंसी केस, पैथोलॉजी आदि के अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित अन्य चिकित्सीय सेवाएं प्रभावित हो रही है। ओपीडी में प्रतिदिन यहां 150 मरीजों की भीड़ होती है। भवन की कमी से मरीजों के साथ-साथ डॉक्टरों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को भी परेशानी हो रही है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन कुमार का कहना है कि नया भवन निर्माण कार्य प्रगति पर हैं जिसकी वजह से काफी परेशानी हो रही हैं। खासकर महिलाओं को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता हैं।
