विद्यापतिनगर। प्रखंड अंतर्गत खनुआ स्थित वाया नदी पर नवनिर्मित खनुआ पुल का निर्माण पूरा होने के 10 साल बाद भी एप्रोच रोड का कार्य संपन्न नहीं हो पाया। पुल के उत्तर तरफ कार्य पूरा हो गया है, जबकि दक्षिण की तरफ कार्य अधूरा है। इससे राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानियां हो रही हैं। विशेषकर, बाढ़ व बरसात के इस मौसम में उनके लिए सफर करना बेहद कष्टदायक हो रहा है। संपर्क पथ बनाने में लगी कंपनी की मानें तो पुल के दक्षिण दिशा में बने एप्रोच रोड का भी पक्कीकरण करने का कार्य एक सप्ताह पूर्व से शुरू कर दिया गया हैं।पुल के दोनों तरफ एप्रोच रोड बनाने में लगी कंपनी धरातल पर कार्यों को मूर्त रूप देने में लगी है। लेकिन, 10 साल बाद भी एप्रोच रोड के पक्कीकरण का कार्य पूरा नहीं हुआ। पुल के उत्तरी छोर के एप्रोच रोड का मिट्टीकरण का कार्य पूरा हो गया है। दक्षिणी छोर के एप्रोच रोड के पक्कीकरण का कार्य अभी अधूरा है। कंपनी के मुंशी ने बताया कि लगभग साढ़े अठारह सौ मीटर लंबे अधूरे एप्रोच रोड के मिट्टीकरण का कार्य एक सप्ताह के अंदर पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए काम युद्धस्तर पर ही रहा हैं। 10 दिनों के अंदर हर हाल में काम पूर्ण कर लिया जाएगा। वैसे पानी के दस्तक देने के बाद दियारावासी आवागमन को लेकर काफी चिंतित हैं। उन्हें बाढ़ की चिंता सता रही है। चूंकि, पुल की भौगोलिक स्थिति कुछ ऐसी है कि बरसात में बाढ़ आने पर दक्षिण दिशा के एप्रोच रोड का डूबना लगभग तय है।
