जिले के पटोरी अनुमंडल अंतर्गत गुलाब बूबना इंटर स्कूल भवन का एक बड़ा हिस्सा गुरुवार की अहले सुबह गिर पड़ा। हालांकि सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि यह हादसा उस समय हुआ जब विद्यालय बंद था। अन्यथा एक बड़ी दुर्घटना घट सकती थी। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह 3 बजे तेज धमाका हुआ तो विद्यालय में कार्यरत नाइट गार्ड तथा अन्य लोगों की नींद टूट गई। जब लोगों ने देखा तो पाया कि छत गिरी हुई थी। जानकारी के अनुसार विद्यालय भवन का निर्माण वर्ष 1941 में हुआ था। कभी-कभी इसकी मरम्मत भी करवाई गई थी, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया भवन जर्जर होता चला गया। ज्ञात हो कि विद्यालय का अधिकांश भवन उसी वक्त का बना हुआ है, कितु उसी भवन में कक्षा का संचालन किया जाता है। यह छात्रों के लिए काफी अधिक खतरनाक है। विगत वर्ष अप्रैल माह में भी विद्यालय का छत गिरी थी।क्षेत्र के लोगों और अभिभावकों ने मांग की है कि अविलंब उस भवन को बंद कर दिया जाए और उसमें कक्षा का संचालन न हो ताकि छात्र छात्राओं को सुरक्षित रखा जा सके। लोगों ने यह भी मांग की है कि विद्यालय प्रशासन शीघ्र भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करे ताकि लोग सुरक्षित अपने बच्चों को विद्यालय में भेज सकें। विद्यालय की इस घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को वहां के प्रधानाध्यापक ने दे दी है।पूरी खबर सुनने के लिए ऑडियो पर क्लिक करें।