मोरवा निज संवाददाता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरवा में मरीजों को आहार एवं पथ्य की सुविधा नहीं प्राप्त हो रही है। फलस्वरूप विवश होकर मरीजों को बाहर बाजार से गुणवत्ता हीन तथा स्वास्थ्य के लिए अहित कर भोजन मंगा कर आहार एवं पथ्य लेना पड़ रहा है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ हरिशंकर प्रसाद बतलाते हैं कि प्रशासन के द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरवा के लिए निर्धारित आउटसोर्सिंग एजेंसी विकास समिति कुबौली राम की है, जिसके द्वारा आहार एवं पथ्य की आपूर्ति नहीं की जा रही है। बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद एजेंसी की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रही है। दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरवा में चहारदीवारी नहीं होने के कारण शाम ढलते ही अपराधियों का जमावड़ा हो जाता है। जिसके कारण महिला मरीजों सहित महिला स्वास्थ्य कर्मियों की जान सदा सांसत में फंसी रहती है। स्थानीय समाजसेवी शिवनंदन शर्मा ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरवा की अनियमितता को अति शीघ्र दूर कर, यहां के गरीब मरीजों को आहार एवं पथ्य की आपूर्ति कराने एवं , स्वास्थ्य केंद्र की चहारदीवारी निर्माण कराते हुए पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराकर गरीब ग्रामीण मरीजों को त्राण दिलाने की गुहार लगाई है।पूरी खबर सुनने के लिए ऑडियो पर क्लिक करें।