थर्मल स्क्रीनिंग के विरोध में समस्तीपुर स्टेशन पर यात्रियों ने किया हंगामा, आरपीएफ जवान को पीटकर किया घायल, तीन गिरफ्तार। विस्तार पूर्वक जानकारी के लिए क्लिक करें ऑडियो पर और सुनें पूरी खबर। समस्तीपुर : स्टेशन पर कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिये बिना थर्मल स्क्रीनिंग कराये एवं टिकट जांच के बिना यात्रियों की इंट्री को रोक दी गयी है। इसको लेकर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया और बिना थर्मल स्क्रीनिंग के ही प्लेटफार्म पर जाने की जिद करने लगा। इस दौरान समझाने गये आरपीएफ जवान पर ही यात्रियों ने हमला कर दिया और उसकी पिटाई कर दी। यात्रियों के अचानक हमला करने एवं जवान की पिटाई से अफरातफरी मच गयी। स्टेशन परिसर में अन्य आरपीएफ व जीआरपी के जवानों व अधिकारियों ने घटना स्थल पर पहुंच कर मामले को शांत किया। वहीं पिटाई से जख्मी आरपीएफ जवान को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर में घुसकर ऑन ड्यूटी आरपीएफ जवान पर हमला कर जख्मी करने एवं कोरोना प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि तीन अन्य युवकों ने हमला करने के बाद पुलिस बल कोे आता देख फरार हो गए। इस मामले में जख्मी आरपीएफ जवान पवन कुमार के बयान पर रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। गिरफ्तार यात्रियों में समस्तीपुर मुफस्सिल थाना के मोरदीवा वार्ड संख्या तीन का जय किशोर कुमार, गणेश कुमार एवं विभूतिपुर थाना के सरसी वार्ड संख्या पांच का विक्रम कुमार शामिल है। रेल थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
