संग्रामपुर उतरी मधुबनी पंचायत के वार्ड- 10 रामाबारी मठ के पूरब ब्रह्मस्थान के प्रांगण में पांच दिवसीय मां भगवती प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ व शुभ अष्टयाम कलश यात्रा के साथ गुरुवार से आरम्भ हो गया। सैकड़ों महिला पुरुष व कुवारी कन्याओ ने यज्ञ स्थल से कलश लेकर बाजे गाजे के साथ मधुबनी से घुसीयार, तिवारी टोला होते हुए पवित्र नारायणी नदी के पुछरिया घाट पहुंचे। जहा आचार्य पं0 श्यामचन्द्र तिवारी व सह आचार्य वेद प्रकाश तिवारी के मंत्रोच्चारण व पूजा अर्चना के बाद कलश में नारायणी नदी से यज्ञ के लिए जल भरा गया। यज्ञ समिति के अध्यक्ष वकील मिश्रा व मुखिया सह मुखिया संघ प्रखण्ड अध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि यज्ञ पांच दिनों तक चलेगा। शुक्रवार को मंडप पूजन, शनिवार को नगर भ्रमण व मां भगवती प्राण प्रतिष्ठा किया जाएगा। यज्ञ के अंतिम दिन महा भंडारा का आयोजन होगा, जिसमें आने वाले सभी श्रद्धालुओ के लिए महा प्रसाद की व्यवस्था की गई हैं।