केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई में पूरे देश में बिजली के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। देश के हर कोने व टोले को बिजली से जोड़ दिया गया है। मोदी सरकार के कार्यकाल में तीन करोड़ घरों को विद्युतीकृत किया गया है। इसके लिए वर्ष 2014 के बाद से दो लाख मेगावाट उत्पादन क्षमता बढ़ायी गयी। उन्होंने कहा कि देश में बिजली के क्षेत्र में विकास को लेकर दो लाख करोड़ की राशि दी जा चुकी है। इसमें बिहार को 24 हजार करोड़ की राशि दी गयी थी। फिर 3 लाख करोड़ की राशि दी जाने वाली है। इसमें बिहार को 10 हजार करोड़ की राशि मिलेगी। ऊर्जा मंत्री ने रविवार को एनटीपीसी के सीएसआर फंड से 2.20 करोड़ की राशि से मोतिहारी सरकारी बस स्टैंड की आधारभूत संरचनाओं के विकास व सौंदर्यीकरण के कार्य का वर्चुअल शिलान्यास के बाद संबोधन में उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि कोई भी घर बिजली से वंचित नहीं है, इसके लिए राज्यों से सर्टिफिकेट लिया जा रहा है।जो छूटे हैं, उसके लिए राशि भी दी जा रही है। आगे भी जरूरत होगी तो राशि दी जाएगी।