जिले में विगत कई दिनों से जारी प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। कड़ी धूप की तपिश से लोग हलकान हैं। शरीर को झुलसा देनेवाली पछिया हवा ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भीषण गर्मी से अभी राहत नहीं मिल रही है। हीट वेब के कारण विगत तीन दिनों से पारा 40 डिग्री सेल्सियस से उपर चला गया है। हीट वेब चलने से सूर्योदय के बाद से ही सूर्य की किरण आग उगलना शुरू कर दे रही है। लोगों को घरों से बाहर निकलना दुश्वार हो गया है। सुबह से रात तक गर्मी का सितम बरकरार रह रहा है। घरों में बिजली पंखा चलाने पर भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। कई घरों में लोग एसी चलाकर गर्मी से निजात पा रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोग जरूरी कार्यवश ही बाजार या घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिनों तक गर्मी का कहर और तेज होने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। रविवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हीट वेब का कहर जारी रहने पर आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जतायी गयी है। भीषण गर्मी पड़ने से लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं। मानसूनी बारिश के बाद ही प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इधर मौसम वैज्ञानिक डॉ. नेहा पारीक ने बताया कि हीट वेब का कहर जारी रहेगा। अगले चार दिनों तक तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।