सरकार ने सख्त रवैया अपना लिया है। अब इसमें किसी तरह की कोताही बरतने और गड़बड़ी करने वाले कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि इल योजना में गड़बड़ी करने वाले लोग पर दंडात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने इसके लिए सभी जिलाधिकारियों के साथ-साथ सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और पीएम पोषण योजना से जुड़े सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों पत्र लिखा है। इन पर योजना की मॉनिटरिंग की जिम्मेवारी सौंपी गयी है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से पीएम पोषण योजना के तहत मध्याह्न भोजन में कभी सांप तो कभी छिपकली मिलने की शिकायतें मिली है। इससे स्कूली बच्चे लगातार बीमार भी पड़ रहे हैं। ऐसी घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। इसको लेकर अपर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताई है। कहा है कि बच्चों की सुरक्षा व योजना के हर हाल में स्वच्छतापूर्ण संचालन के लिए सरकार संकल्पित है। ऐसे में शिक्षा विभाग ने इस योजना से जुड़े तंत्र को और चुस्त दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। अपर मुख्य सचिव ने जिला स्तर पर कमेटी गठित कर स्कूलों में मध्याह्न भोजन का नियमित निरीक्षण करने को कहा है। कहा कि यदि मध्याह्न भोजन की योजना में किसी तरह की गड़बड़ी या शिकायतें मिलती है तो उसकी तत्काल जांच होनी चाहिए। जांच के बाद दोषियों को चिह्नित करके नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।