जिले के जलस्रोत ग्रीन बेल्ट के रूप में तब्दील होंगे। नदी,तालाब व पोखर किनारे पेड़ पौधे लगा हरा भरा किये जाएंगे। वृक्ष माला परियोजना के तहत जिले के जलस्रोतों को हरा भरा करने की योजना लांच की गयी है। योजना के तहत मनरेगा से 7 लाख 92 हजार पौधे लगाए जाएंगे। जिले में 15 जून से पौधरोपण योजना की शुरूआत करने की तैयारी चल रही है। योजना से जिले के जलस्रोतों के किनारे पौधरोपण किया जाएगा। इसको लेकर एस्टीमेट बनाने की कवायद शुरू है। जीविका दीदियों लगाएंगी 5 लाख पौधे नदी, तालाब व पोखर सहित अन्य जलस्रोतों के किनारे पौधरोपण में जीविका दीदियों की भागीदारी होगी। जीविका दीदियों के द्वारा करीब पांच लाख पौधे लगाने की योजना है। इसके अलावा वन विभाग के द्वारा पौधे लगाए जाएंगे। जीविका दीदियों को वन विभाग से पौधे मुहैया कराए जाएंगे। इसके अलावा निजी नर्सरियों से पौधे खरीद मुहैया कराये जाएंगे। पौधरोपण के लिए होगी गड्ढ़े की खुदाई पौधरोपण के लिए नदी,तालाब व पोखर आदि के किनारे पौधरोपण के लिए सबसे पहले गड्ढ़े की खुदाई की जाएगी। इसके बाद पौधरोपण किया जाएगा। पौधरोपण कार्य में जीविका दीदियों सहित वनपोषकों को लगाया जाएगा। पौधरोपण के बाद इसकी देखभाल के लिए जीविका दीदियों व वन पोषकों कोे जिम्मेवारी दी जाएगी।
