प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान के तहत स्थानीय आईएमए भवन में आईएएम अध्यक्ष के द्वारा टीबी के रोगियों के बीच पोषाहार वितरण कार्यक्रम हुआ । अध्यक्षता आईएमए अध्यक्ष डॉ आशुतोष शरण ने की। मौके पर मौजूद डीएम सौरभ जोरवाल ने कार्यक्रम का उदघाटन किया। इस दौरान आईएमए से जुड़े चिकित्सकों व समाजसेवियों ने आईएमए अध्यक्ष डॉ शरण की अगुवाई में 250 यक्ष्मा मरीजों को गोद लिया। मौके पर 120 मरीजों के बीच पोषण पोटली का वितरण डीएम व अध्यक्ष आईएमए के द्वारा किया गया । डीएम ने बताया कि बिहार के राज्यपाल ने भी निर्देश दिया था कि प्रधानमंत्री के इस अभियान पर ध्यान दें । उन्होंने कहा कि यह जिला घनी आबादी वाला है। यहां काफी संख्या में टीबी के रोगी हैं। उनकी सहायता के लिए काफी संख्या में निक्षय मित्रों की जरूरत होगी। उन्होंने आईएमए व सहयोगी संस्थाओं को निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को सहयोग करने पर धन्यवाद दिया। सीएस डॉ अंजनी कुमार ने कहा कि आईएमए के सदस्यों ने निक्षय मित्र बन एक सामाजिक चेतना का बिगुल फूंका।