राज्य के ग्राम पंचायतों में 7017 लेखापाल सह आईटी सहायक संविदा पर नियुक्त होंगे। पंचायती राज विभाग शीघ्र ही विज्ञापान जारी करेगा। इसके दो महीने में चयन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। आवेदन राज्यस्तर पर लिए जाएंगे। विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले चार पंचायतों पर एक लेखापाल सह आईटी सहायक रखे गये थे,अब हर पंचायत के साथ ही प्रखंड और जिला परिषद में भी इनका पदस्थापन होगा। इसलिए पदों की संख्या बढ़ाई गई है। इन्हें 20 हजार नियत वेतन मिलेगा। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बी-कॉम होगी। एमकॉम तथा सीए (इंटर) करने वालों को 20 अंकों का बोनस मिलेगा। चयनितों को तीन माह में एमएस वर्ड, एक्सल और टैली आदि में दक्षता प्राप्त करनी होगी। इसके साथ ही 326 कार्यपालक सहायक सह डाटा इंट्री ऑपरेटर और 266 प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों का भी नियोजन होगा। प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी के पद पर अवकाशप्राप्त को मौका मिलेगा। पंचायत सरकार भवन में बैंकों को मिलेगी जगह राज्य सरकार ने दो हजार नये पंचायत सरकार भवन बनाने का निर्णय लिया है। इनका निर्माण स्थानीय अभियंत्रण संगठन के माध्यम से कराया जाएगा। इसके लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। इन नये भवनों में बैंकों के लिए भी जगह दी जाएगी। नये भवन का डिजाइन भी बदल गया है। हर एक भवन के निर्माण पर दो करोड़ खर्च होंगे। वहीं, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हर भवन पर दो करोड़ 86 लाख की लागत आएगी। अब-तक 1495 भवनों का निर्माण हो गया है। पंचायत सरकार भवन में मुखिया और सरपंच के अलावा पंचायती राज, मनरेगा, पीएम आवास योजना के कर्मियों के साथ-साथ कृषि सलाहकार और विकास मित्र भी बैठेंगे।