भारत माला परियोजना के तहत होनेवाले सड़क निर्माण को लेकर सर्वे का कार्य शुरू हो गया है। अब लोगों में इस सड़क बनने की उम्मीद जगी है। केन्द्र प्रायोजित परियोजना के तहत भारत माला परियोजना में चकिया से चोरमा, पकड़ीदयाल, रामपुरवा, धनौजी, ढाका होते हुए बैरगनिया तक सड़क के विस्तार निर्माण की योजना है। यह सड़क टू लेन की होगी। 27 गांवों से होकर यह सड़क गुजरेगी। कार्य की जिम्मेवारी एनएचएआइ को दी गयी है। वहीं, सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर गजट का प्रकाशन हो चुका है। सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर जमीन मालिकों के यहां नोटिस निर्गत भी होना शुरू हो गया है। 45 किलोमीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति भारत माला परियोजना के तहत चकिया से चोरमा-पकड़ीदयाल, ढाका होते हुए बैरगनिया तक करीब 45 किलोमीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गयी है। सड़क निर्माण का ठेका हरियाणा की धारीवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी के पास है। सड़क निर्माण को लेकर प्लांट तैयार किया जा चुका है। कंपनी द्वारा सड़क के सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है। दो से तीन माह के अंदर सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। सड़क निर्माण से ढाका में जाम से मिलेगी मुक्ति इस परियोजना के तहत सड़क निर्माण होने से ढाका में जाम से बहुत हद तक मुक्ति मिल जाएगी। क्योंकि यह सड़क ढाका मोतिहारी पथ में रूपहारा नहर से थोड़ी दुर आगे से रोड क्रॉस होकर गुजरेगी तथा ढाका शहर को छोड़ चैनपुर ढाका होते हुए बैरगनिया रोड में औरैया के समीप मुख्य सड़क में मिलेगी। इस कारण घोड़ासहन, बैरगनिया व सीतामढ़ी की ओर जानेवाली गाड़ी इस सड़क से चली जाएगी। सड़क निर्माण से ढाका में जाम की समस्या नहीं होगी।
