जिले में पंचायत सरकार भवन नये मॉडल का होगा। नये प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य से मुखियों की छुट्टी कर दी गयी है। सिर्फ पहले से निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निर्माण ग्राम पंचायत के मुखिया करा पाएंगे। नये पंचायत सरकार भवन के निर्माण का जिम्मा स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन को सौंपा गया है। इसके तहत जिले में 159 नया पंचायत सरकार भवन के निर्माण का लक्ष्य है। इसमें 106 पंचायत सरकार भवन के निर्माण का प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है। इसके लिए भूमि चिन्हित कर डीएम के द्वारा निर्माण कार्य के लिए अनुशंसित कर पंचायत राज विभाग को भेजा जा चुका है। 1.99 करोड़ की लागत से बनेंगे पंचायत सरकार भवन जिले में जो नये पंचायत सरकार भवन का निर्माण होगा उसपर 1 करोड़ 99 लाख 92 हजार रुपये की लागत आएगी। इसके तहत प्रस्तावित नये 106 पंचायत सरकार भवन के निर्माण पर करीब 2.11 अरब रुपये खर्च होंगे। जबकि पहले से शुरू पंचायत सरकार भवन के निर्माण पर 1.30 करोड़ रुपये का एस्टीमेट था। जो निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन है उसका निर्माण पुराने एस्टीमेट पर ही किया जाएगा। इस तरह के पुराने निर्माणाधीन 42 पंचायत सरकार भवन है जिसका निर्माण उस पंचायत के मुखिया द्वारा कराया जाएगा।
