बीआरए बिहार विवि के परीक्षा विभाग ने पीजी फर्स्ट सेमेस्टर सत्र 2021-23 का रिजल्ट शुक्रवार को जारी कर दिया। रिजल्ट में 388 विद्यार्थी फेल हैं जबकि 285 का रिजल्ट पेंडिंग हो गया है। पीजी फर्स्ट सेमेस्टर में 6300 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. टीके डे ने बताया कि सिर्फ 4.51 प्रतिशत छात्रों का ही रिजल्ट पेंडिंग हुआ है। रिजल्ट पेंडिंग होने का कारण पीजी विभागों और कॉलेजों से इंटरनल का अंक नहीं आना है। बार-बार रिमाइंडर के बाद भी इंटरनल के अंक समय पर नहीं भेजे गए। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि चार से पांच दिन में जो भी रिजल्ट पेंडिंग हैं उसे ठीक कर दिया जाएगा। पीजी फर्स्ट सेमेस्टर के रिजल्ट में 192 छात्रों को अनुपस्थित दिखाया गया है जबकि 482 छात्रों को औसत अंक मिले हैं। 30 छात्रों को परीक्षा में एक्सीलेंट दिया गया है। 1972 छात्रों को गुड दिया गया है। 482 छात्रों को वेरी गुड दिया गया है। 1490 छात्र प्रमोट किए गए हैं जबकि 968 छात्रों को पास मार्क आया है। पीजी फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा जनवरी में हुई थी। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि पीजी सेमेस्टर टू की परीक्षा भी जल्द ही ली जाएगी। विवि प्रशासन की सारी कोशिश सत्र को नियमित करने के लिए है।