सीमायी शहर रक्सौल इन दिनों अतिक्रमणकारियों के चंगुल में फंसा है। शहर के हर चौक चौराहों व बाजारों पर अतिक्रमणकारियों ने कब्जा जमा रखा है। अतिक्रमणकारियों द्वारा सड़क की जमीन को अतिक्रमित कर दोनों किनारे ठेला व शेडनुमा दुकान लगाया गया है। जिसके कारण रोज ब रोज जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। पूर्व में प्रशासन द्वारा शहर के प्रधान पथ सहित बाजारों एवम चौक चौराहों से अतिक्रमण हटाये जाने के कारण बहुत हद तक विराम सा लग गया था। लेकिन आजकल उनका मनोबल और बढ़ गया है। किंतु प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। कहां कहां है अतिक्रमण शहर के प्रधान पथ में सड़क की जमीन को अतिक्रमित कर दोनों किनारे ठेला व फुटपाथी दुकान लगाए गए है। वहीं पोस्ट ऑफिस रोड, सब्जी मंडी, चावल बाजार, लोहा पट्टी, बैंक रोड, मीना बाजार, आश्रम रोड, नागा रोड सहित कौड़िहार चौक तथा कोइरिया टोला नहर चौक अतिक्रमण का शिकार है।
