राजेपुर थाना क्षेत्र के उझीलपुर गांव में शनिवार की देर संध्या दहेज लोभी ससुराल वालों ने महिला की फंदा लगाकर हत्या कर दी। राजेपुर थानाध्यक्ष ललन कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले में मृतका की सास रेखा देवी को राजेपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले को लेकर मृतका रुबी देवी के पिता चकिया थाने के शीतलपुर गांव निवासी विनोद बैठा ने राजेपुर थाने में मृतका के पति संदीप बैठा, ससुर रमेश बैठा, सास रेखा देवी, गणपत बैठा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करायी है। आवेदन में कहा है कि उन्होंने पुत्री की शादी वर्ष 2021 में रमेश बैठा के पुत्र संदीप बैठा से की थी। शादी के बाद दहेज में भैंस, फ्रिज, नगदी रुपये की मांग ससुराल वाले करने लगे। नहीं देने पर प्रताड़ऩा व मारपीट करने लगा।
