कोरोना की तीसरी लहर की वजह से बंद हुए जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम को इसी महीने फिर से शुरू किया जा सकता है। आधिकारिक तौर पर वैसेे तो अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा गया है , पर ऐसी चर्चा है कि अगले सोमवार यानी 14 फरवरी से जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम को फिर से आरंभ किया जा सकता है। इसकी तैयारी चल रही है। साथ ही चर्चा यह भी है कि इसी महीने सीएम नीतीश कुमार समाज सुधार यात्रा पर भी निकल सकते हैं। राज्‍य में कोरोना की तीसरी लहर की शुरुआत हो गई थी। इसी दौरान तीन जनवरी को जब जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम में आए फरियादियों की एंटीजन जांच की गई थी , तब लगभग आधा दर्जन फरियादी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके अतिरिक्त भोजन तैयार करने वाले कर्मी और तीन सिपाही भी संक्रमित निकले थे। इससे हड़कंप मच गया था। इसके बाद मंगलवार को जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम को कोरोना की वजह से स्थगित कर दिया गया था। यह कहा गया था कि कोरोना के मामलों की संख्या कम होने के बाद जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम को पुन: शुरू किया जाएगा।इस खबर को सुनने के लिए ऑडियो पर क्लिक करें।