आपका पैसा आपकी ताकत की आज की कड़ी में हम सुनेंगे अपने श्रोताओं की राय
*क्षेत्रीय विधायक से ग्राम प्रधान ने सामुदायिक केंद्र/बारात घर की मांग की* *कछौना, हरदोई।* वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्र में सांस्कृतिक केंद्र व बरात घर व सामुदायिक केंद्र की निशांत आवश्यकता है। क्योंकि विद्यालयों व ग्राम सचिवालय में वैवाहिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध है। वैवाहिक कार्यक्रम के कारण विद्यालयों व ग्राम सचिवालय का प्रांगण प्रभावित होता था। विद्यालयों के भवनों की दशा खराब हो जाती थी। वैवाहिक कार्यक्रम होने के कारण नौनिहालों का शिक्षण कार्य प्रभावित होता था। ग्रामीण क्षेत्र में बरात घर न होने के कारण आम जनमानस के सामने संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के सामने समस्या खड़ी हो गई है। उनकी माली हालत यह नहीं है कि वह कस्बा क्षेत्र में जाकर मैरिज लॉन किराए पर लेकर कार्यक्रम संपन्न कर सके। ग्रामीणों की मांग पर विकासखंड कछौना की ग्राम सभा पुरवा के ग्राम प्रधान छविनाथ मौर्य ने क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा से ग्राम सभा में बारात घर बनवाने की मांग की। जिस पर विधायक ने ग्राम प्रधान को आश्वासन दिया, ग्रामीणों की मांग को ध्यानगत रखते हुए शासन को अवगत कराते हैं, सरकार से विशेष बजट धनराशि स्वीकृत करके ग्राम सभा में सामुदायिक केंद्र/बरात घर बनवाया जाएगा। जिसमें ग्रामीण सांस्कृतिक कार्यक्रम व वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कर सके।
*गैर जनपद तबादले को लेकर खण्ड शिक्षा अधिकारी का विदाई समारोह हुआ आयोजित* *कछौना(हरदोई):* ब्लॉक संशाधन केन्द्र कछौना पर खण्ड शिक्षा अधिकारी शशांक सिंह का गैर जनपद तबादले के चलते विदाई समारोह आयोजित किया गया। इनका स्थानान्तरण जनपद हरदोई से लखीमपुर हो गया है। शशांक सिंह की कार्यकाल ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाना हमेशा याद किया जायेगा। प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्र, राकेश कुमार दीक्षित, इन्द्रसेन, रामप्रकाश द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रेमचंद्र कनौजिया, अटेवा के आशीष कुमार सिंह द्वारा मोमेन्टो देकर सम्मानित किया गया। अध्यापक अमित कुमार गौतम ने स्मृति चिन्ह भेंटकर व माला पहनाकर सम्मानित किया। समस्त एआरपी द्वारा स्मृति चिन्ह भेंटकर उन्हें सम्मानित कर विदा किया गया। इस अवसर पर जूनियर शिक्षक संघ के अध्यक्ष रामनरेश त्रिपाठी, समस्त स्टॉफ, एआरपी, अध्यापक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहे। मंच का संचालन ऋतुराज मिश्र ने किया।
*युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का काम कर रही सरकार- प्रबंधक बालसिंह* *स्मार्टफोन मिलने से छात्र-छात्राओं के चेहरे खिले, मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक रहे मौजूद* विकास खंड माधौगंज क्षेत्र कुरसठ से पहुतेरा मार्ग तकिया में स्थित विरेन्द्र सिंह रामवती मेमोरियल महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद युवा तकनीकी सशक्तिकरण योजना के तहत स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह आशू ने सर्वप्रथम मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसी क्रम में विरेन्द्र सिंह रामवती मेमोरियल महाविद्यालय के प्रबन्धक बाल सिंह गुड्डू ने क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह आशू का माल्यार्पण कर श्रीकृष्ण राधा रानी की मुर्ति भेंट की जिसके बाद वी एस पब्लिक इंटर कालेज कुरसठ के प्रबन्धक मानसिंह मिंटू ने माल्यार्पण कर पुष्प गुच्छ भेंट किया जिसके बाद क्षेत्रीय भाजपा विधायक सहित बाल सिंह ने कहा कि प्रदेश की मोदी योगी सरकार युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का काम कर रही है। कहा कि समय का सदुपयोग करते हुए स्मार्टफोन के जरिए अच्छी शिक्षा प्राप्त करें इसी के साथ विद्यार्थियों को स्मार्टफोन वितरित किए गए इसी कड़ी में मुख्य अतिथि ने कहा कि विरेन्द्र सिंह रामवती मेमोरियल महाविद्यालय (कुरसठ ,हरदोई) ने शिक्षा के क्षेत्र में अलग ही पहचान बनाएं हुए है। इस दौरान कार्यक्रम में आएं हुए अतिथियों ने संस्थान की शिक्षा व्यवस्था की जमकर सराहना की। प्रबंधक बाल सिंह ( गुड्डू)ने बताया कि उच्च स्तरीय शिक्षा कुशल अनुदेशकों द्वारा प्रदान की जाती है। बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा शत् प्रतिशत छात्रवृत्ति शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की सुविधा दिलाई जाती है। श्री सिंह ने बताया शुद्ध पानी के लिए आरो व वाटर कूलर की सुविधा मौजूद है। कम्प्यूटर प्रशिक्षण हेतु सुव्यवस्थित लैब बनी है जिसका क्षेत्रीय लोगों को लाभ मिल रहा है। इस मौके पर नोडल अधिकारी अखिलेश कुमार गौतम हरदोई खंड शारदा नहर, मंडल अध्यक्ष अरविंद सिंह, मनोज चौधरी सहित विद्यालय स्टाफ, अभिभावक सहित सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।।
कम पानी में अधिक सिंचाई : अधिक फसल-अधिक कमाई पर दिग्गजों का मंथन माइक्रो-इरीगेशन (सूक्ष्म सिंचाई) के माध्यम से कमांड क्षेत्र विकास पर तकनीकी कार्यशाला लखनऊ, 24 फरवरी । “कम पानी में अधिक सिंचाई : अधिक फसल-अधिक कमाई” (कमांड एरिया डेवलपमेंट थ्रू माइक्रो इरिगेशन) पर मंथन के लिए शनिवार को राजधानी के एक होटल में दिग्गजों का जमावड़ा हुआ। इस गंभीर मुद्दे पर तकनीकी कार्यशाला का आयोजन “2030 जल संसाधन समूह विश्व बैंक (2030 डब्ल्यूआरजी) एवं ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकारी/परियोजना उप्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यशाला में 2030 जल संसाधन समूह, विश्व बैंक के अधिकारी, भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार व अन्य राज्यों के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग से जुड़े अधिकारी, कृषि एवं कृषि से सम्बद्ध विभागों के अधिकारी के साथ-साथ विभिन्न जनपदों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में जल संरक्षण से जुड़ीं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, ग्राम प्रधानों, किसानों, सोशल एक्टिविस्ट, पद्मश्री प्राप्त विभूतियां तथा विषय विशेषज्ञों ने भी इस गंभीर मुद्दे पर अपने विचार रखे। कार्यशाला का शुभारम्भ करते हुए ग्रेटर शारदा सहायक समादेश परिक्षेत्र के चेयरमैन व प्रशासक और विशेष सचिव सिंचाई व जल संसाधन विभाग उप्र डॉ. हीरा लाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सिंचित क्षेत्र बढ़ाने के लिए माइक्रो-इरीगेशन (सूक्ष्म सिंचाई) ही एकमात्र विकल्प है जिसके द्वारा कम पानी में अधिक सिंचाई के साथ अधिक उत्पादकता के द्वारा किसानों की आय को बढ़ावा दिया जा सकता है। “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” के अलावा नहरों के कमांड क्षेत्र का माइक्रो-इरीगेशन (सूक्ष्म सिंचाई) के माध्यम से विकास इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि पानी के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है, इसलिए सभी के सामूहिक प्रयास से जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। आज की इस कार्यशाला का आयोजन एक शुरुआत है, आगे इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे । कार्यक्रम में भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के कमिश्नर राजीव कंवल ने कहा कि लघु सिंचाई के बारे में जनजागरूकता लाने के साथ ही उससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना बहुत जरूरी है। किसानों को यह समझना बहुत जरूरी है कि पानी फसलों को चाहिए न कि मिट्टी को, इसलिए फसलों को जितने पानी की जरूरत है उन्हें उतना ही दिया जाए। इसलिए सिंचाई की आधुनिकतम तकनीक का उपयोग करते हुए अपने आने वाली पीढ़ी के लिए जल संरक्षण करें। कार्यक्रम में कंट्री कोआर्डिनेटर 2030 जल संसाधन समूह विश्व बैंक अजीत राधाकृष्णन ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य प्रदेश में माइक्रो-इरीगेशन (सूक्ष्म सिंचाई) के द्वारा सिंचाई क्षेत्र का विस्तार और जल उपयोग दक्षता को बढ़ावा देना है। माइक्रो-सिंचाई के माध्यम से न केवल कृषि उत्पादकता में वृद्धि होती है अपितु जल उपयोग को अनुकूलित करने में भी सहायता मिलती है। कम पानी में अधिक सिंचाई : अधिक फसल-अधिक कमाई के उद्देश्य को प्राप्त करने की दिशा में यह एक नया प्रयास है। आगे भी इसी तरह के कार्यक्रम का आयोजन करने की योजना है, जिसमें जल संरक्षण के माध्यम से जलवायु परिवर्तन रोकने के विषय पर जागरूकता लाने का प्रयास किया जायेगा। ग्रेटर शारदा सहायक के समादेश के एडिशनल कमिश्नर राजीव यादव ने कहा कि जल संरक्षण की महत्ता वैदिक काल से ही रही है। पानी की हर बूँद कीमती है, इसलिए उसे बेकार न होने दें बल्कि उसकी सुरक्षा करें। लघु सिंचाई से पानी की बर्बादी को हम रोक सकते हैं। कार्यशाला में सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना के चीफ इंजीनियर हिमांशु कुमार, मध्य प्रदेश से आये प्रोजेक्ट एडमिनिस्ट्रेटर विकास राजौरिया और जैन इरिगेशन महाराष्ट्र के सोमनाथ जाधव ने लघु सिंचाई की आधुनिकतम तकनीक के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि सिंचाई की विभिन्न नवीन तकनीक कृषकों की आय बढ़ाने में बहुत ही मददगार साबित हुई हैं। कार्यशाला के माध्यम से प्राप्त होने वाले सुझावों पर अमल कर किसान बंधु कम पानी में अधिक सिंचाई कर अपनी पैदावार को बढ़ा सकेंगे।
मार्च के प्रथम सप्ताह में बघौली शुगर एंड डिस्टिलरी लिमिटेड का पेराई सत्र हो जाएगा प्रारंभ हरदोई, सू0वि0 26 फरवरी 2024ः-आज बघौली शुगर एंड डिस्टिलरी लिमिटेड में बॉयलर पूजन कर साथ ही इस पेराई सत्र के पूर्व के मरम्मत के कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ये मिल वर्ष 2016 से बंद पड़ी थी जिसे डालमिया भारत शुगर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अधिगृहित करके चलाने का निर्णय किया है। बॉयलर पूजन में इकाई प्रमुख टी.एन. सिंह, बॉयलर प्रमुख पवन पाल, गन्ना प्रमुख विनय सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी गण मौजुद रहे। चीनी मिल के अधिकारियो के अनुसर मार्च के प्रथम सप्ताह में बघौली शुगर एंड डिस्टिलरी लिमिटेड का पेराई सत्र प्रारंभ हो जाएगा । -------------------------
*वर्चुअल माध्यम से नये बालामऊ रेलवे स्टेशन व सुठेना बाईपास अंडरपास का हुआ शिलान्यास* *मुख्य अतिथि सांसद अशोक रावत नगर अध्यक्ष समेत भाजपा पदाधिकारी, क्षेत्रीय जन प्रतिनिधि व आम जनता बनी इस अविस्मरणीय पल की साक्षी* *कछौना(हरदोई):* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नहीं आधुनिक सुविधाओं से लैस विश्व स्तरीय बालामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन एवं अंडरपास 257 का शिलान्यास किया। विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन व अंडरपास के निर्माण से बालामऊ क्षेत्र को एक नई पहचान मिलेगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद अशोक रावत, नगर अध्यक्ष राधा रमण शुक्ला उर्फ पंकज शुक्ला, नवल माहेश्वरी व युवा नेता संचित अग्रवाल समेत जनप्रतिनिधि, सभासदगण, ग्राम प्रधानगण, क्षेत्र पंचायत सदस्यगण, जिला पंचायत सदस्यगण, प्रबुद्धजन, व्यापारी बंधु, विभागीय अधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्रा साक्षी बने। बालामऊ जंक्शन के नये रेलवे स्टेशन भवन व सुठेना बाईपास 257 अंडरपास का सोमवार को शिलान्यास किया गया। इस आधुनिक रेलवे स्टेशन हेतु 25 करोड़ व अंडरपास हेतु 4 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई है। नया रेलवे स्टेशन भवन दक्षिण दिशा की तरफ स्थापित होगा। आधुनिक सुविधाएं, विश्व स्तरीय, अच्छे प्लेटफार्म,बेहतर पार्किंग सुविधा, रेल टिकट घर, पेयजल सुविधा, सुलभ शौचालय, दिव्यांगजनों के लिए बेहतर आवागमन हेतु रैंप, बैठने की अच्छी बेंचें, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, एक से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने की सुविधा, डिजिटल पुस्तकालय, अच्छे मनमोहक प्रवेश द्वार, फुट ओवरब्रिज, वाटरकूलर, स्वच्छता हेतु कूड़ेदान आदि बुनियादी सुविधाओं से लैस स्टेशन होगा। यह विकसित भारत की तरफ एक बढ़ता हुआ कदम है। इस आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन व अंडरपास से क्षेत्र के रेहड़ी, पटरी दुकानदार, व्यापारी, दैनिक यात्रियों, दूध व्यवसायी मछली व्यवसायी, युवाओं, विद्यार्थियों के जीवन में परिवर्तन होगा। यातायात सुगम के साथ ही उनके आर्थिक विकास में मिल का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर युवा नेता संचित अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस पल को नई पीढ़ी हमेशा याद रखेगी। दक्षिण दिशा में रेलवे स्टेशन न होने के कारण आए दिन लोग रेलवे ट्रैक से गुजरते समय रन थ्रू ट्रेन की चपेट में आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर लेते थे। ऐसे हादसों पर विराम लगेगा। क्षेत्र के विकास की नई ईबारत बनेगी। कर्नल आदित्य प्रताप सिंह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश के विकास को नई गति मिली है। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष राधा रमण शुक्ला उर्फ पंकज ने अपने उदबोधन में कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। अमृत स्टेशन योजना के तहत नई रेलवे स्टेशन का कायाकल्प व अंडरपास से नगर सहित क्षेत्र को विकास की नई दिशा मिलेगी। बालामऊ जंक्शन मॉडल स्टेशन के रूप में विश्व में नई पहचान के रूप में जाना जाएगा। विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस स्टेशन के कायाकल्प से लोगों का आवागमन सुगम होगा। इस कदम से लोगों की आवागमन हेतु कई नई ट्रेनों का ठहराव होगा। उन्होंने इस कछौना के व्यापारियों के लिए कछौना में अवंटित भूमि मंडी समिति पर मंडी बनवाने की मांग सांसद से की। जिस पर सांसद ने मंडी समिति बनवाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सांसद अशोक रावत ने दोनों योजनाओं का शिलान्यास किया। अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे कार्यकाल में बालामऊ विधानसभा क्षेत्र में कोई यादगार विकास कार्य नहीं हो सका है। इसलिए हमने सतत प्रयास करके बालामऊ स्टेशन को नया निर्माण व अंडरपास की सौगात देकर लाभान्वित किया। मोदी जी के नेतृत्व में देश के विकास को एक नई दिशा मिल रही है। जिन सुविधाओं की हम कल्पना करते थे, वह आज जमीनी स्तर पर मिल रही है। पहले योजनाएं भ्रष्टाचार व घोटाले की भेंट चढ़ जाती थीं, लेकिन अब आपकी आंखों के सामने साकार हो रहीं हैं। मोदी जी के नेतृत्व में देश पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था पर है, शीघ्र ही हम विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था पर पहुंचेंगे। इस कदम से नई संभावनाओं के द्वार खुल रहे हैं। लोगों की जिंदगी में बदलाव आ रहे हैं। इस अवसर पर जिला मंत्री अजय शुक्ला ने उदबोधन किया। इसी मौके पर दैनिक यात्री बालामऊ संघ के अध्यक्ष इंद्रजीत यादव व नवनीत कुमार द्वारा सांसद अशोक रावत को बालामऊ जँ. स्टेशन से चलने व गुजरने वाली कोरोनाकाल से पूर्ण रूप से बन्द पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनों(एलबीएम, मेमू, डुप्लीकेट एक्सप्रेस, प्रयागराज-बरेली पैसेंजर, सहारनपुर-लखनऊ पैसेंजर) के पुनः संचालन हेतु ज्ञापन सौंपा, जिस पर सांसद ने जनहित में सभी बन्द ट्रेनों के पुनः संचालन करवाने की बात कही। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी सीनियर डी.ई.एन. मनीष शर्मा, सहायक डी.ई.एन. शशि कुमार, ए.डी.एम.ओ. संजय राय, स्टेशन अधीक्षक त्रिभुवन यादव, सीएमआई अम्बुज मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा अधिकारी डॉ. शिवराज पटेल, महामंत्री शिवम मिश्रा, सण्डीला ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमित गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि नरेंद्र बाजपेयी, व्यापार मंडल संरक्षक रामखेलावन गुप्ता, अध्यक्षगण गौरव गुप्ता व रवि गुप्ता, सर्व वैश्य समाज के अध्यक्ष तुलसी गुप्ता, डॉ. अनिल गुप्ता, डॉ. सुशील गुप्ता, ब्रह्म कुमार सिंह, पूर्व प्रधान अवधेश गुप्ता, बराती गुप्ता, विजय सिंह, पप्पू मिश्रा, पूर्व सभासद धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधानगण, क्षेत्र पंचायत सदस्यगण, सभासदगण, सामाजिक कार्यकर्ता नवनीत कुमार, देवेंद्र कुमार, दुर्गेश सिंह, श्रीष मिश्रा, सलिल दीक्षित, डॉ. नृपेंद्र कुमार, पूर्व प्रधान कृष्णकांत सिंह, अरुण कुमार, देवेंद्र कुमार सहित प्रबुद्धजन इस अविस्मरणीय पल के साक्षी बने।
*अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन ने आगामी लोकसभा चुनाव व त्यौहारों के दृष्टिगत जिले का किया भ्रमण* *हरदोई।* अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन ने आगामी लोकसभा चुनाव व त्यौहारों के मद्देनजर मंगलवार को जिले का भ्रमण किया गया । अपर पुलिस महानिदेशक ने पुलिस ऑफिसर मेस में आगमन किया, जहां पर उन्हें को सलामी गार्ड द्वारा सलामी दी गयी। इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने पुलिस लाइन परिसर में स्थित सभागार में पुलिस अधीक्षक हरदोई, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी व समस्त क्षेत्राधिकारी गणों के साथ गोष्ठी कर आगामी चुनावों व त्यौहारों के मद्देनजर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के सम्बंध में बिन्दुवार समीक्षा करते हुए चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये । इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन ने पुलिस लाइन में स्थित प्राथमिक विद्यालय जलाखर पुरवा-हरदोई का फीता काटकर जीर्णोद्धार किया। प्राथमिक विद्यालय के नवीनीकरण एवं तकनीकी शिक्षा की पहल एवं सराहना की। पुलिस लाइन में स्थित नवनिर्मित में पुलिस कर्मचारियों व उनके परिजनों के कल्याणार्थ हल्के नाश्ते हेतु बनाये गए गपशप कैफे व पुस्तकालय बुक परदे का निरीक्षण किया गया। बुक परदे के अन्दर व बाहर की व्यवस्था अत्यन्त उच्च कोटि की पायी गयी उसकी प्रशंसा की। वहीं कहा पुलिस कर्मियों एवं उनके बच्चों के कल्याणार्थ पुलिस वातावरण बदलने के लिये यह एक अच्छी पहल है । उसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने जनपद हरदोई में निर्वाचन संबन्धी ड्यूटी हेतु आगमन करने वाले अर्द्धसैनिक बलों/पुलिसकर्मयों के ठहरने हेतु चिन्हित आर.आर इंटर कॉलेज व राजकिय पॉलीटेक्निक कॉलेज, कोतवाली शहर का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली, संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
*अलाभित समूह/दुर्लभ वर्ग के बच्चों के लिए निजी स्कूलों में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं लॉटरी की प्रक्रिया प्रारंभ* *कछौना, हरदोई।* शैक्षिक सत्र 2024-25 में शिक्षा के अधिकार कानून के तहत गरीब और इलाहाबाद समूह के बच्चों के पड़ोस के निजी स्कूलों में प्राथमिक कक्षाओं में प्रवेश के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने समय सारणी तय कर दी हैं। इच्छुक अभिभावक आवेदन ऑनलाइन करके अपने ब्लॉक संसाधन केंद्र पर जमा कर सकते हैं। बताते चलें निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 12(1)ग के अंतर्गत 3 वर्ष से लेकर 7 वर्ष के आयु तक के अलाभित समूह एवं दुर्लभ वर्ग के बच्चों को जनपद सहित ग्रामीण क्षेत्र में संचालित मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय की पूर्व प्राथमिक एवं कक्षा एक मे निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती हैं। जिसकी फीस प्रतिपूर्ति शासन द्वारा विद्यालयों को उपलब्ध कराई जाती है। वर्तमान सत्र 2024 में योजना का लाभ, प्रवेश लेने हेतु ऑनलाइन आवेदन, पोर्टल के माध्यम से चार चरणों में तिथिवार कराये जा सकते हैं। बच्चों में स्कूल का आवंटन जिला स्तर पर केंद्रीय युक्त लाटरी के आधार पर किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया चार चरणों में संचालित की जाएगी। प्रथम चरण 20 जनवरी से 18 फरवरी तक, द्वितीय एक मार्च से 30 मार्च तक, तृतीय चरण 15 अप्रैल से 8 मई तक, चतुर्थ चरण एक जून से 20 जून तक होगा। लॉटरी निकालने की तिथिवार प्रवेश कराया जाएगा। वार्षिक आय आवेदक की एक लाख तक का प्रमाण पत्र मान्य होगा। निवास हेतु आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पासबुक, मतदाता पहचान पत्र आदि में से कोई एक होना अनिवार्य है। शासनादेश एवं आवेदन पत्र का प्रारूप आरटीआई 25 की वेबसाइट www.ete25.upsdc.gov.in पर उपलब्ध है। जन मानस की समस्याओं के निस्तारण हेतु हेल्पलाइन नंबर 05852-232598 पर काल सकते हैं। आवेदन के उपरांत अपलोड किए गए पत्राजांच की एक प्रमाणित प्रति आवेदन पत्र के साथ संलग्न कर संबंधित विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।
*महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को मिले स्मार्ट फोन/टैबलेट, खिल उठे चेहरे* *कछौना, हरदोई।* कछौना क्षेत्र के डिग्री कॉलेज में जनप्रतिनिधि गणों की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को टैबलेट स्मार्टफोन वितरण किए गए। छात्र-छात्रा स्मार्टफोन पाकर खुशी से झूम उठे। बताते चलें कि स्वामी विवेकानंद युवा तकनीकी सशक्तिकरण योजना के तहत छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन शासन स्तर द्वारा निःशुल्क प्रदान करने का प्रावधान है। एसएमडी पटेल महाविद्यालय पतसेनी कछौना में क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा के हाथों छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन वितरण किए गए। इस मौके पर विधायक ने कहा इससे छात्र-छात्राओं को तकनीकी ज्ञानार्जन में लाभ मिलेगा। सुभाष चंद्र बोस पीजी कॉलेज कहली तेरवा गौसगंज में मुख्य अतिथि भाजयुमो प्रदेश कार्य समिति सदस्य व युवा नेता संचित अग्रवाल के हाथों छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन वितरण किए गए। युवा नेता ने कहा की सरकार की मंशा है छात्र-छात्राओं को तकनीकी ज्ञान से जोड़कर उनके भविष्य को बेहतर संवारना है। जिससे वह भविष्य में अच्छे नागरिक बनकर देश की सेवा कर सकें। श्री विश्राम सिंह महाविद्यालय कहली में विधायक रामपाल वर्मा ने अपने हाथों से छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन वितरित किए। स्मार्टफोन पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। विधायक ने संबोधित करते हुए कहा जब युवा शक्ति तकनीकी रूप से सशक्त होगा देश तभी विकसित राष्ट्र बनेगा। आज का युवा कल का भविष्य है। यही आगे चलकर देश में शिक्षक, इंजीनियर, नेता, डॉक्टर, उद्यमी, बनकर देश को आगे ले जाने में योगदान करेंगे। लाला हरिराम गंगा देवी महाविद्यालय कुकुही में ब्लॉक प्रमुख रामश्री के हाथों स्मार्टफोन वितरित किए गए। उन्होंने कहा आज सभी को बेहतर कार्य करने के समान अवसर मिल रहे हैं। जिससे महिलाएं कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। हर क्षेत्र में बेहतर कार्य कर नाम रोशन कर रहे हैं। इस अवसर पर डॉक्टर शरद शुक्ला, जिला कृषि अधिकारी सुधांशु, प्रबंधक राजेश कुमार सिंह, दीपक कुमार सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आशीष कुमार, प्रबंधक डॉक्टर शिवराज सिंह पटेल, प्राचार्य डॉक्टर दीनानाथ, राकेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष नवीन पटेल, सहित शिक्षक गण अभिभावक गण, व प्रबुद्धजनों ने प्रतिभा किया।
