चकिया में पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक नंदकिशोर यादव ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव का डंका बज गया है। जनमानस बीजेपी के साथ है, जनता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के 40 सीटों पर जीत के साथ पुन सरकार बनाने के लिए एकजुट हो गए हैं। पीएम के कार्यकाल में सभी क्षेत्रों में विकास के साथ-साथ विश्व स्तर पर देश का मान सम्मान बढ़ा है। पूर्व मंत्री श्री यादव ने शुक्रवार को चिरैया मोतिहारी में भाजपा विधायक लालबाबू गुप्ता के यहां श्राद्ध कार्यक्रम में जाने के क्रम में शहर के मुजफ्फरपुर रोड के व्यापार मंडल परिसर स्थित सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि गरीब व किसानों के उत्थान के लिए बहुत सारी कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है जिसका धरातल पर सकारात्मक प्रभाव देखा जा रहा है। मौके पर विधायक सह पूर्व मंत्री प्रमोद कुमार गुप्ता, विधायक श्यामबाबू यादव, जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना, महामंत्री मार्तंडय नारायण सिंह, व्यापार मंडल के अध्यक्ष कन्हैया सिंह व रोहित सिंह थे।

और अंतत रक्सौल शहर के वार्ड 1 परेउवा निवासी मुकेश कुमार की पत्नी नीलम देवी जिंदगी की जंग हार गई।रक्सौल अनुमंडलीय अस्पताल से रेफर करने के बाद मोतिहारी, फिर,मुजफ्फरपुर व अंत में पटना इलाज के बाद भी नीलम की जान नहीं बचाई जा सकी।और उसे मृत घोषित कर दिया गया।इसके बाद परिजन रो रो कर बेहाल हैं। बता दें कि बुधवार की शाम लामा सर्टिफिकेट दे कर नीलम को डंकन हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। बाद में मृत समझ अंतिम संस्कार की तैयारी हो गई थी।तब तक शरीर में हरकत देख उसे अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया था,जहां से रेफर कर दिया गया था। इधर,रक्सौल नगर परिषद के वार्ड 1 के नगर पार्षद ओम कुमार ने नीलम देवी के पटना में मौत होने की पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।

चिरैया विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्त के पत्नी के लम्बी बीमारी से मौत होने पर सांत्वना देने पूर्व उपमुख्य मंत्री सह सांसद सुशील कुमार मोदी , पूर्व मंत्री नन्द किशोर यादव, राणा रनधीर सिंह व प्रमोद कुमार उनके घर बखरी पहुंचे। इस क्रम में श्री मोदी ने बांकीपुर चौक पर स्थित कर्पूरी ठाकुर के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मौके पर वीरेंद्र सिंह, नीतेश सराफ, शिवजी गुप्ता थे।

उर्वरक बिक्री में अनियमितता बरतने के आरोप में जिला कृषि पदाधिकारी ने शुक्रवार को तीन उर्वरक विक्रेताओं का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। तीनों विक्रेताओं से दो दिनों में स्पष्टीकरण मांगा है। जिला कृषि पदाधिकारी चंद्र देव प्रसाद ने उर्वरक बिक्री में अनियमितता बरतने पर आदापुर ब्लॉक के पारस खेती बारी मझरिया व मो जाबिर इंटरप्राइजेज मझारिया व कोटवा ब्लॉक के अंकित बीज भंडार दिपउ मोड़ कालाइसेंस निलंबित कर दिया।

स्वरोजगार योजना के तहत जिला पशुपालन विभाग के द्वारा जिले के प्रत्येक पंचायत में मैत्री की नियुक्ति की हरी झंडी विभाग के द्वारा प्राप्त हो गयी है। जिला पशु चिकित्सा पदाधिकारी डा.मृत्युंजय शरण ने बताया कि विगत वित्तीय वर्ष 21-22 में मैत्री की नियुक्ति के लिए प्राप्त आवेदनों में से इक्कासी युवकों का चयन किया गया था। चयनित युवकों में से वित्तीय वर्ष 22-23 में तेईस युवकों ने अपना प्रारंभिक प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि नियुक्ति में उन्हीं युवाओं को प्राथमिकता देनी है ,जिसने इस क्षेत्र में एक वर्ष तक निजी टीकाकर्मी के रुप में काम किया है। अगर उन्होंने कहीं प्रशिक्षण लिया है तो इसके लिए उन्हें अतिरिक्त अंक दिये जायेंगे। चयन सूची में अधिक प्राप्तांक वाले युवाओं का चयन किया जाना है। पशुपालकों को मिलेगी सुविधा आजकल पशुआें का कृत्रिम गर्भाधान कराने के लिए जिले के पशुपालकों को इधर-उधर भटकना पड़ता है या किसी गर्भाधान कार्यकर्ता को बहुत आरजू मिन्नत करनी पड़ती है। अब ऐसी बात नहीं होगी। पशुपालकों को अब कहीं नहीं जाना पड़ेगा। अब मैत्री कार्यकर्ता प्रत्येक गांव और प्रत्येक पंचायत में घर-घूम कर सरकार के द्वारा निर्धारित शुल्क पर गर्भाधान का कार्य करेंगे।

पूर्व उप मुख्यमंत्री और भाजपा के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि बिहार का खजाना खाली है। सरकार के पास वेतन देने के पैसे नहीं हैं।राज्य सरकार के पास पहले से मौजूद हेलीकॉप्टर तीन साल से खराब पड़ा है। ऐसे में उसकी मरम्मत कराने की जगह नए हेलीकॉप्टर खरीदने की बात की जा रही है। यह जनहित में नहीं है। सुशील मोदी ने शुक्रवार को स्टेशन रोड स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ करने में संवेदनशील होना चाहिए। लेकिन ऐसा करने के बजाय वे समाधान यात्रा कर रहे हैं। यह राज्य हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षी एकता मरे हुए घोड़े के समान है। देश की जनता खिचड़ी सरकार नहीं चाहती है। एचडी देवगौड़ा के समय देश की जनता खिचड़ी सरकार देख चुकी है। ऐसे किसी भी दल की सरकार छह माह से अधिक नहीं चली है। उन्होंने दावा किया कि राजद विधायक सुधाकर सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के इशारे पर नीतीश कुमार के बारे में बयान दिया है। प्रेस वार्ता के दौरान स्थानीय विधायक व पूर्व मंत्री प्रमोद कुमार थे।

चकिया रेलवे स्टेशन के समपार संख्या 136 अ व 137 के बीच शुक्रवार की सुबह 35 वर्षीय युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मृतक चकिया स्थित ग्रामीण कार्य विभाग में लिपिक थे। मृतक युवक की पहचान मुजफ्फरपुर गायघाट निवासी शशीभूषण प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र नीशू कुमार के रूप में हुई है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। बताया जाता है कि सुबह राहगीरों ने रेल ट्रैक के पास एक युवक का शव देख शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर भीड़ जुट गई। राहगीरों ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। साथ ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना जीआरपी व चकिया थाना पुलिस को दी। युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा, ज्ञात नहीं हो सका। पुलिस ने शव को अंत्य परीक्षण के लिए मोतिहारी भेज दिया।

मोतिहारी। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बसवरिया पतौरा गांव में कृषि सेवा केन्द्र स्थित खाद दुकान गोदाम से लूटपाट की गयी। रजिस्टर फाड़ दिया गया और दुकानदार प्रेम कुमार से 50 हजार रुपये रंगदारी मांगी गयी। प्रेम कुमार ने खेदु बैठा, अर्जुण बैठा, भीम बैठा, सचिन बैठा व मोखतार बैठा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी है। दुकानदार ने पुलिस को बताया है कि आरोपित लोग उसके गोदाम पर पहुंचे और खाद मांगने लगे। दुकानदार ने बताया कि अभी आदेश नहीं मिला है। उसके बाद सभी लूटपाट करने लगे। गाली गलौज के बाद कागज फाड़ दिये गये।

चिरैया थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव के समीप बाइक दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई है। मृतक जागेश्वर राम सपगढ़ा गांव निवासी देवकी राम का पुत्र है। 26 दिसंबर को युवक अपनी बाइक से मोतिहारी जा रहा था। इसी क्रम में वह मिश्रौलिया गांव के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया।जिसे ग्रामीणों के सहयोग से चिरैया पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। मृतक ही अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था।

नए साल के पहले हफ्ते से ही जातीय जनगणना की शुरूआत होने जा रही है। पहले चरण में आवासीय मकानों की गिनती होगी। कल से शुरू होने वाले जातीय गणना के पहले चरण में हर-एक मकान का नंबर डाला जाएगा।इसके आलावा घर के मुखिया का नाम और घर के मेंबर्स का नाम दर्ज किया जाएगा। जैसा कि पहले चरण में मकानों की गिनती होगी जबकि दूसरे चरण में उन मकानों में रहने वाले लोगों की गिनती अप्रैल महीने में होगी। उस वक्त प्रगणक (जनगणना अधिकारी) घर पर दस्तक देंगे तो आपको कुछ जरूरी कागजात अपने साथ रखने होंगे। क्योंकि फॉर्म में संबंधित निवासी के डिटेल भरे जाएंगे। इसके तहत जाति, पेशा सहित 26 कॉलम का फॉर्म भरा जाएगा। जाति की गणना डिजिटल माध्यम से भी की जाएगी और इसमें एंड्राइड फोन का प्रयोग होगा। फोन में मौजूद एक खास ऐप से हर वर्ग, हर घर के लोगों का पूरा डिटेल भरा जाएगा। जिसमें जाति और उपजाति का अलग से कॉलम रहेगा।