महात्मा गांधी की कर्मस्थली चम्पारण की ऐतिहासिक धरती से पटना के बीच चलने वाली नई इंटरसिटी मेमू एक्सप्रेस सेवा की शुरुआत शनिवार को हुई। इस मौके पर बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जहां से दोपहर तीन बजे रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन सांसद राधामोहन सिंह ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर पाटलिपुत्र स्टेशन के लिए रवाना किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि आज ही के दिन 15 अप्रैल 1917 को महात्मा गांधी ट्रेन से मोतिहारी पहुंचे थे। उनकी याद में हर वर्ष न सिर्फ समारोह करते हैं बल्कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार हर वर्ष इस मौके पर जिले वासियों को कुछ-न-कुछ नया गिफ्ट देती है। कहा कि पहले इस रूट से रक्सौल से एक इंटरसीटी एक्सप्रेस चलती थी। उसका रास्ता बदल कर सीतामढ़ी के रास्ते चलाया जाने लगा। जबकि एक इंटरसीटी एक्सप्रेस नरकटियागंज से चलती है। नरकटियागंज से आने वाली इंटरसिटी ट्रेन बापूधाम स्टेशन पर पहुंचती है तो इसमें पैर रखने तक कि जगह नहीं होती थी। जिससे मोतिहारी से पटना जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती थी। मोतिहारी शहरवासियों की परेशानी को दूर करने के लिए वंदे भारत ट्रेन की तर्ज पर बापूधाम मोतिहारी व पाटलिपुत्र के बीच नई मेमू इंटरसिटी एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया है। नई मेमू इंटरसीटी एक्सप्रेस के कोच में यात्री सुविधा से संबंधित कई विशेषताएं हैं। पहले डब्बे से आखिरी डब्बे तक यात्री ट्रेन के अंदर से ही आ-जा सकते है। आपात स्थिति में ट्रेन के चालक से बात करने के लिए हर कोच में इंटरकॉम की सुविधा है। ट्रेन में आरामदायक सीट तथा सुरक्षा के लिए फाइबर और स्टेनलेस स्टील की खिड़कियां लगाई गई है। चेनई के पेराम्बुर कोच फैक्ट्री से बंदे भारत के तर्ज पर निर्मित इस ट्रेन के प्रत्येक कोच में एक इंडियन और एक वेस्टर्न टायलेट है। ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ट्रेन के सभी कोच में यात्रियों के सुविधा के लिए डिस्पले बोर्ड लगाया गया है। जिसके माध्यम से आने वाले अगले स्टेशन की जानकारी यात्रियों को मिलती रहेगी। कोच की बनावट बंदे भारत ट्रेन के डिजाइन से प्रेरित है।
बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर के जन्मदिवस के अवसर पर अनुमंडल प्रशासन अरेराज के तत्वाधान में सांस्कृतिक काव्य सन्ध्या कार्यक्रम का सफल आयोजन कियागया। एसडीओ संजीव कुमार की अध्यक्षता व अधिवक्ता प्रभाकर तिवारी केसफल संचालन मे सम्पन्न हुआ।इस काव्य सन्ध्या मेजिला स्तरीय नामचीन कवि शायर की काव्य प्रस्तुति पर श्रोता झूम उठे। एसडीएम संजीव कुमार व मुख्य अतिथि व चकिया एसडीएम शम्भू शरण पाण्डेय,पीजीआरओ लखेन्द्र पासवान,डीसीएलआर सन्नी कुमार सौरभ,बीइओ सुधा कुमारी,रामशोभित, राधेश्याम यति,विनय विहारी वर्मा,प्रभाकर तिवारी आदि ने दीप प्रज्ज्वलित कर काव्य सन्ध्या का शुभारम्भ किया। काव्य रचना के वाचन परम्परा की शुरुआत से पूर्व प्रोजेक्टर के माध्यम से बाबा साहेब के डॉक्यूमेंट्री संदेश को ऑडियो व वीडियो के माध्यम से दिखा कर उसे आत्मसात करने की अपील की गई।
-सफेद बैगन के उन्नत प्रभेद की हरियाली से गुलजार होंगे किसानों के खेत -कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को उपलब्ध कराएगी सफेद बैगन का उन्नत प्रभेद सफेद बैंगन ना सिर्फ स्वाद में बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। अपने पोष्टिक गुणों के कारण इसकी मांग धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। ऐसे में सफेद बैंगन की खेती करने वाले किसान भाइयों के लिए भी यह अच्छी खबर है। अब चम्पारण के खेत भी सफेद बैगन की हरियाली से गुलजार होगा। कृषि विज्ञान केंद्र इसके लिए अत्यधिक मात्रा में सफेद बैगन के उन्नत प्रभेद जिले के किसानों को उपलब्ध कराएगा। बैंगन की उन्नत किस्मों की खेती करके किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकता है। होता है बम्पर उत्पादन: बैगन किसानों के लिए आसान खेती माना जाता है। व चम्पारण में काफी पसंद किया जाता है। यहां की जलवायु व मृदा उसके बम्पर उत्पादन के लिए अनुकूल माना जाता है। बैंगन की उन्नत किस्मों में पूसा पर्पर लोंग, पूसा पर्पर कलस्टर, पूर्सा हायब्रिड 5, पूसा पर्पर राउंड, पंत रितूराज, पूसा हाईब्रिड-6, पूसा अनमोल आदि शामिल है। एक हेक्टेयर में करीब 450 से 500 ग्राम बीज डालने पर करीब 300-400 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक का उत्पादन मिल जाता है। सफेद बैंगन की खेती सर्दियों की जाती है, लेकिन पॉलीहाउस इसकी खेती से अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। सेहत का खजाना है सफेद बैगन: यह सेहत का भी खजाना है। इसमें मौजूद फाइबर खाने को सही तरीके से पचाने में आपकी मदद करता है। इसके साथ ही यह मधुमेह रोगियों के लिए भी काफी फायदेमंद हो सकता है। सफेद बैंगन को अगर नियमित रूप से खाने में शामिल किया जाए तो गैस, एसिडिटी और कब्ज की समस्या नहीं होती है। सफेद बैंगन में पोटेशियम, कॉपर, मैग्नीशियम और विटामिन बी जैसे पोषक तत्वों पाए जाते हैं जो मानव शरीर के लिए बहुत जरूरी हैं। ऐसे में सफेद बैंगन ही नहीं, इसकी पत्तियों के सेवन से भी कई स्वास्थ्य लाभ मिलता है। शुगर लेवल को करता है कंट्रोल: शुगर कंट्रोल करने के लिए सफेद बैंगन को अपने भोजन में शामिल कर सकते हैं।यह डायबिटीज में होने वाली परेशानियों को कम कर सकता है। सफेद बैंगन की पत्तियों में मौजूद फाइबर और मैग्नीशियम ब्लड में शुगर की मात्रा को कम कर सकता है। सफेद बैंगन में फाइबर की मात्रा अधिकता होने के कारण आप इसका सेवन वजन घटाने के लिए भी कर सकते हैं। यह लंबे समय तक भूख को दबाए रखने में आपकी मदद करता है और मेटाबॉलिज्म को बढ़ता है। केविके विकसित पॉलीहाउस में करता है खेती: कृषि विज्ञान केंद्र पीपराकोठी में विकसित पॉलीहाउस में बेमौसम सफेद बैगन की खेती की जाती है। वहीं बैगन के बीजों की नर्सरी भी पॉली हाउस में तैयार किया जाता है। सफेद बैंगन के लिये आईसीएआर व आईएआरआई के कृषि वैज्ञानिकों ने दो किस्में पूसा सफेद बैंगन-1 और पूसा हरा बैंगन-1 विकसित की हैं। ये किस्में परंपरागत बैंगन की फसल के मुकाबले जल्दी पककर तैयार हो जाती है। ऐसे करें खेती: सबसे पहले इसके बीजों को ग्रीनहाउस में संरक्षित हॉटबेड़ में दबाकर रखा जाता है। इसकी बुवाई से पहले बीजों का बीजोपचार कर लेना चाहिए जिससे फसल में बीमारियों की संभावना न रहे। बीजों के अंकुरण तक बीजों को पानी और खाद के जरिये पोषण दिया जाता है और पौधा तैयार होने पर सफेद बैंगन की रोपाई कर दी जाती है। खरपतवारों की चिंता के कारण सफेद बैंगन की बुवाई पंक्तियों में ही करनी चाहिये। क्या कहते हैं केविके प्रमुख: केविके प्रमुख डॉ. अरबिंद कुमार सिंह ने बताया कि सफेद बैगन का उन्नत प्रभेद जिले के किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं इसकी वैज्ञानिक खेती की तकनीक किसानों को बताया जाएगा। ताकि अनुकूल उत्पादन हो सके।
आग बुझाने के लिये फायरविग्रेड गाड़ी में पानी भरने के लिये शहर में लगे 42 हाइड्रेंट चालू स्थिति में है। शहर के मेन रोड में श्रीलेदर के पास का हाइड्रेंट खराब पड़ा है। उसे चालू करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वहीं जिले के विभिन्न स्थानों पर 115 हाइडेंट लगाये गये हैं। जिसमें से असानी से पानी भरा जाता है। ग्रामीण स्तर पर नलजल से अटैचकर पानी भरने का प्रस्ताव अधर में लटका है। अग्निशाम पदाधिकारी अविनाश कुमार का कहना है कि जहां हाइड्रेंट लगे हैं वहां से पानी भरने में कोई परेशानी नहीं होती है। ग्रामीण स्तर पर असानी से पानी भरने की योजना के प्रस्ताव पर काम चल रहा है। स्वीकृति मिलने पर नलजल की टंकी में ही अटैचमेंट लग जायेगा और उससे असानी से दमकल गाड़ी में पानी भरा जा सकता है। यह सुविधा मिलने पर कहीं और कभी भी असानी से पानी उपलब्ध रहेगा और आग पर काबू जल्द पाया जा सकता है। जिले मे लगे हैं 115 हाइड्रेंट जिले के सभी अनुमंडल क्षेत्रों में कुल 115 हाइड्रेंट लगे है जहां से असानी से पानी भरा जाता है। सदर अनुमंडल क्षेत्र में 43, अरेराज में 17, पकड़ीदयाल में 14, रक्सौल में 23, चकिया में 11 व सिकरहना में 07 स्थानों पर हाइड्रेंट लगाये गये हैं।
नैदानी के तहत निबन्धन नहीं करने पर अब होगी कानूनी कार्रवाई। इसको लेकर प्रथम चरण में शहर के 36 नर्सिंग होम पर कार्रवाई करने की अनुमति सिविल सर्जन ने मोतिहारी चिकित्सा प्रभारी डॉ श्रवण पासवान को दे दी है। सूची में शहर के ख्याति प्राप्त डाक्टरो का नर्सिंग होम भी शामिल है। इसके अलावे कई ऐसे नर्सिंग होम है जो अभी हाल में खुला है और चल रहा है। बताते हैं कि जिला में संचालित करीब 160 नर्सिंग होम को नैदानी के तहत निबंधन कराने के लिए सीएस कार्यालय से प्राथमिक चिकित्सा केंद्र से भेजा गया था। बावजूद निबन्धन नहीं करने पर चिकित्सा प्रभारी के द्वारा डाक्टरो व नर्सिंग होम के नाम की सूची सीएस कार्यालय से भेजते हुए मार्ग दर्शन की मांग की गयी थी। बताते हैं कि सिविल सर्जन ने कार्रवाई करने का हरी झंडी दे दी है।चिकित्सा प्रभारी डॉ श्रवण पासवान ने सीएस का पत्र का हवाला देते हुए कहा कि जब निर्देश मिला है तो कार्रवाई करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि नैदानी के तहत जांच घरों की भी सूची तैयार की जा रही है। प्रथम फेज में 55 को नोटिस दी गयी है। 10 का जबाब आया गया है। बाकी पर कार्रवाई होना है। इसके अलावे अभी सौ सेअधिक जांच घर को नोटिस जा रहा है। सात दिन में जबाब मंगा गया है।
बढ़ते तापमान व पछुआ हवा से हीट वेब चल रहा है। इसका असर आम जीवन पर पड़ने लगा है। सर्दी, खांसी व बुखार जैसी बीमारी से बड़ी संख्या में लोग पीड़ित हैं। सरकारी अस्पताल से लेकर निजी अस्पताल में लोग इलाज के लिए आ रहे हैं। सदर अस्पताल में शुक्रवार को करीब सात सौ मरीज देखे गए जिसमें दो सौ से अधिक खांसी, सर्दी व बुखार से प्रभावित थे। इलाज कर रहे डॉक्टर कुमार अमृतांशु ने बताया कि जब से हीट वेब चला है सर्दी व बुखार से अधिक लोग प्रभावित हो रहे हैं। उनके अनुसार, सदर अस्पताल में दो सौ के करीब मरीज बुखार के आये थे। उन्हाेंने बताया कि यह एक वायरल बुखार है। तीन से पांच दिन में ठीक हो जाता है। सर्द गर्म के कारण हो रहा है। उन्हाेंने बताया कि धूप से बचने की जरूरत है। पानी का सेवन खूब करें। हो सके तो दिन में एक बार एलेक्टरल पाउडर पियें। पानी खूब पीना चाहिए। फ्रिज का पानी नहीं पीना है। खाली पेट भी नहीं रहना है। धूप में निकलने से पहले खूब पानी पीना है। अधिक देर धूप में नहीं रहना चाहिए। सिर पर गमछा या हेमलेट लगा कर ही बाहर निकलें। मधुमेह व ब्लड प्रेशर के रोगी को सावधानी बरतनी जरूरी है।
रेलवे स्टेशन से जानपुल चौक के बीच बदमाशों ने शुक्रवार को स्कूल संचालक रिजवान आजम पर पिस्तौल भिड़ाकर पांच हजार नगद व सेलफोन छीन लिये। बाइक सवार तीन बदमाशों ने सुबह में पौने आठ आठ लूट की घटना को अंजाम देने के बाद रेलवे स्टेशन की ओर भाग गये। स्कूल संचालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच घटना की जांच में जुट गयी। सीसीटीवी फुटेज में लूट की घटना की पुष्टि हुई है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की खोज में छापेमारी जारी है। मोहम्मद रिजवान आजम ने नगर थाने में दिये आवेदन में कहा है कि वह बेलबनवा शांतिपूरी स्थित अपने आवास से स्कूटी से अवधेश चौक स्थित जेडपीएच स्कूल जा रहे थे। इस दौरान रेलवे स्टेशन से जानपुल रोड में पुलिया के समीप बाइक सवार तीन युवकों ने स्कूटी रोकने का इशारा किया। स्कूटी रोकते ही एक युवक ने पिस्तौल सिर पर सटा दिया। दूसरा युवक चाबी लेकर डिक्की खोलने लगा और तीसरा पॉकेट से सेलफोन व नगद पांच हजार रुपये छीन लिये। रुपये व सेलफोन छीनने के बाद तीनों बदमाश बाइक से रेलवे स्टेशन की ओर फरार हो गये।
जम्मू के कनवेंशन सेंटर में आयोजित रोजगार मेला में तुरकौलिया थाना के बेलवा खास के शिक्षक मोहम्मद शफी अहमद अंसारी के पुत्र कौसर आलम को पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने हाथों रेलवे में हुए टीटी का नियुक्ति पत्र दिया। यह कार्यक्रम गुरुवार को आयोजित हुआ। पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों अपने पुत्र कौसर को नियुक्ति पत्र लेते हुए उसकी मां नूरजहां खातून ने देखा, उस समय वह काफी भावविह्वल हो गई। उसके आंखों से खुशी के आंसू गिरने लगे। उसने कहा कि आज वह धन्य हो गई। उसके पुत्र को देश के प्रधानमंत्री ने अपने हाथो उसकी किस्मत लिख डाली।
सामाजिक न्याय सप्ताह अभियान के अंतर्गत अनुसूचित जाति मोर्चा सम्मेलन सह बाबा साहब अम्बेडकर जयंती समारोह का आयोजन शुक्रवार को नगर भवन में किया गया। डा.अम्बेदकर के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गयी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में बाबासाहेब डॉ बी आर अम्बेडकर से जुड़े पांचों स्थानों पर राष्ट्रीय स्मारक बनाए गए व उनको प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन स्थानों को पंचतीर्थ घोषित किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने बाबासाहेब की स्मृति में डाक टिकट तथा 10 व 125 रुपये के सिक्के जारी किए हैं। बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को स्मरण करते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भीम ऐप का शुभारंभ कर निम्न, मध्यम वर्ग के व्यापारियों, किसानों, गरीबों को एक नयी ताकत प्रदान की है। उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की डॉ० अम्बेडकर पर एक झांकी 26 जनवरी, 2016 को राजपथ पर पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में सम्मिलित की गई।वहीं उन्हाेंने कहा कि बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर के जन्म दिवस पर पहले कभी राष्ट्रीय अवकाश घोषित नहीं किया गया था। पहली बार प्रधानमंत्री श्री मोदी ने डॉ बाबा साहेब अम्बेडकर के जन्म दिवस को राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया तथा वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल समरसता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी व पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के प्रयास से ही वर्ष1990 में बाबासाहेब अम्बेडकर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया तथा संसद के सेंट्रल हॉल में बाबासाहेब का तैल चित्र लगाया गया। भाजपा संगठन व सरकार दोनों ही आज भी बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर के सपनों को साकार करने में जुटे हुए हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना व महामंत्री डा.लालबाबूू प्रसाद सहित अनेक उपस्थित थे।
चकिया में बीते बुधवार को हुई भीषण बैंक लूट मामले में पुलिस की लगातार छापेमारी जारी है।हालांकि पुलिस अभी तक कुछ भी बताने से परहेज कर रही है।वहीं पुलिस की गिरफ्त में घटना से जुड़े लाइनर समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। इधर घटना के तीसरे दिन जिला पुलिस कप्तान कांतेश मिश्रा लगातार चकिया पहुंच मामले की मॉनिटरिंग करते हुए देखे गये। वहीं शुक्रवार को आईसीआईसीआई बैंक की तकनीकी सेल की टीम कोलकाता से चकिया स्थित बैंक पहुंच घटना की जांच की।इधर सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि बैंक लूट की घटना से करीब तीस मिनट पूर्व ही तीन अन्य अपराधी बैंक मे ग्राहक बनकर प्रवेश कर गये थे जिसके बाद इन्ही तीन बदमाशो की सूचना के बाद पांच अपराधी बैंक में हथियारों के साथ घुसकर घटना को अंजाम दिया। हालांकि मामले में पुलिसिया अनुसंधान को लेकर कोई कुछ भी बोलने से बच रहा है। मामले की जांच के बाद ही विशेष खुलासा हो पाएगा। लूट से लोगाें में दहशत व्याप्त है।
