जिले के एलएनडी कॉलेज की एनएसएस यूनिट द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन गोद लिए गए गांव मजुराहां में स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान संचालित किया गया। प्राचार्य प्रो.(डॉ.) अरुण कुमार के अनुसार अपने परिवेश की निरंतर स्वच्छता एक ऐसी आदत है जिसे अपना कर हमलोग विभिन्न बीमारियों पर विजय प्राप्त करते हुए आत्मा व मन को पवित्र रखकर अच्छे चरित्र को जन्म दे सकते हैं। स्वच्छता मनुष्य के जीवन की गुणवत्ता में वृद्धि करती है। प्रथम बौद्धिक सत्र एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-जिला नोडल पदाधिकारी प्रो.अरविंद कुमार व हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ.राधे श्याम के संयुक्त नेतृत्व में संचालित हुआ। एनएसएस पीओ प्रो.अरविंद कुमार ने स्वयंसेवियों को प्लॉग रन की महत्ता बताते हुए उनके द्वारा किए जाने वाले जागरूकता कार्यक्रम को रेखांकित किया। स्वयंसेवियों ने विद्यालय व गांव की विभिन्न गलियों व टोलों में घूम-घूम कर स्वच्छता ही सेवा है, गंदगी जानलेवा है व गंदगी से बढ़े बीमारी, स्वच्छता की करो तैयारी जैसे विभिन्न नारों से जागरूकता अभियान चलाया। द्वितीय बौद्धिक सत्र में स्वयंसेवियों को दो टीमों में विभक्त करते हुए नवसृजित प्राथमिक विद्यालय अनुसूचित जाति टोला, मजुराहां के विद्यार्थियों के साथ क्विज़ प्रतियोगिता, शब्द अंत्याक्षरी, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, संगीत, नृत्य आदि जैसी ज्ञानवर्धक गतिविधियां संचालित की गई।