मंगलवार को शहर के पटेल चौक स्थित टाउन हाल के टीकाकरण केंद्र पर उस समय अफरा तफरी मच गई।जब टीका लेने को लेकर कतार में खड़े होने के दौरान मची आपाधापी में दो युवक आपस में भिड़ गए। घटना के दौरान एक युवक ने रोड़ेबाजी कर 23 वर्षीय विक्रम कुमार को बुरी तरह घायल हो गया। जो कि निकटवर्ती लखीसराय जिला अन्तर्गत सिसमा गांव निवासी मोती साव का पुत्र बताया गया है। घटना के दौरान मची भगदड़ में कुछ महिलाएं भी घायल हो गई । घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल ने कहा कि उसी के गांव के अवधेश कुमार ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद टीकाकरण केंद्र पर अफरातफरी का माहौल बन गया। जिसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया और फिर से टीकाकरण का कार्य सुचारु रुप से चालू कराया।