बुधवार को जिले के 30 स्थानों पर कोविड से बचाव के टीकाकरण अभियान चलाया गया । राज्य मुख्यालय से 300 वायल टिका प्राप्त होने के बाद इस अभियान को जारी रखा गया। जिले में शाम तक एक और बड़ी खेप आने की संभावना है । जिससे इस अभियान को और भी व्यापक बनाया जाएगा। सरकारी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते दिन जिले में 300 वायल आने के बाद उसे सभी प्रखंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को आवश्यकतानुसार वितरित कर दिया गया । सभी स्वास्थ्य केंद्रों को 300 से लेकर 1000 तक की संख्या टीका की डोज लोगों को देने के लिए दिया गया। देर शाम तक 800 और वायल आने के बाद इस अभियान को और गति दी जाएगी। जिले में अभी तक 18 वर्ष से ऊपर के 54 प्रतिशत आबादी में से 34.97% लोगों को कोविड से बचाव का टीका दे दिया गया है । जिले के शेखपुरा और बरबीघा शहरी क्षेत्र में कुछ गिने-चुने लोगों को ही टीका की पहली डोज देना शेष रह गया है। स्वास्थ विभाग टीकाकरण अभियान को व्यापक बनाने के लिए प्रथम डोज के अलावा दूसरे डोज लगवाने पर जोर दे रहा है। लोगों को दूसरे डोज लेने के लिए स्वास्थ विभाग द्वारा लगातार मोबाइल पर संदेश भेजा जा रहा है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य कर्मी प्रयत्नशील हैं जिले में 1,41,000 से ज्यादा लोगों को टीका दिया गया है ।उसमें से लगभग 25,000 लोगों को ही अभी तक दूसरी डोज दी जा सकी है। स्वास्थ विभाग दूसरी डोज की संख्या में भी तेजी लाने को प्रयासरत है।