वाहन रोकने और अभद्र व्यवहार किए जाने पर बोकारो जिला परिषद के चेयरमैन सुनीता देवी ने मंगलवार को पेटरवार बीडीओ संतोष कुमार महतो के विरुद्ध ऑनलाइन मामला दर्ज करते हुए आवेदन की प्रति पेटरवार थाना प्रभारी को देते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. अपने आवेदन में चेयरमैन सुनीता देवी ने कहा है कि गत 18 दिसंबर को पेटरवार के बुंडू पंचायत में आयोजित आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रही थी. मैं कार्यक्रम स्थल पर अपराह्न 1:30 बजे पहुंची और सरकार द्वारा दिए जा रहे परिसंपत्तियों का वितरण सभी प्रतिनिधियों के साथ संयुक्तरूप से मेरे द्वारा किया गया. वितरण के पश्चात अन्य प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न स्टॉल का निरीक्षण कर रही थी. इस दौरान देखा गया कि तीन चार कुर्सियों पर कार्यालय कर्मी और कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित नही थे. जिसकी फोटोग्राफ हमारे पास मौजूद है. आवेदन में कहा कि निरीक्षण के दौरान हमारे साथ न तो प्रखंड विकास पदाधिकारी थे और न ही अन्य कार्यालय कर्मी. इससे स्पष्ट होता है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के साथ -साथ लापरवाही बरती जाती है. आवेदन में कहा कि कुछ देर के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी  संतोष कुमार महतो मिले तो उन्हें बताया गया कि तीन चार कुर्सी में कार्यालय कर्मी उपस्थित नही है. इसी बात पर बीडीओ ने कहा कि आप हमें बोलने वाले कौन होते हैं. तब मेरे साथ रहे लोगों ने बताया कि मैडम जिला परिषद की अध्यक्ष हैं. तभी बीडीओ द्वारा कहा गया कि मैं भी डिप्टी कलेक्टर हूं और किसी अध्यक्ष को नही जानता हूं. चेयरमैन ने कहा कि इस बिंदु पर वरीय पदाधिकारी से बात करती हूं. तब बीडीओ ने कहा कि जहां बोलना है बोल दीजिए मैं किसी से नही डरता हूं. चेयरमैन ने कहा कि इसके बाद हमने अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो को टेलीफोन के माध्यम से सूचना दे रही थी और यह देखकर बीडीओ भड़क गए. जब मैं अपने वाहन में बैठकर वापस जाने के लिए निकल रही थी तब बीडीओ और एक दो कर्मी हमारी वाहन को रोक दिये और गाली गलौज देने लगे. चेयरमैन ने आवेदन में कहा कि इस बीच जब मैं अपनी वाहन से नीचे उतरी तो बीडीओ ने एफआईआर दर्ज करने की धमकी देते हुए मेरे साथ बदसलूकी करने लगे. जान मारने की भी धमकी दी. चेयरमैन ने इस मामले पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. इस सन्दर्भ में बीडीओ से उनका पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल पर बार- बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया.