झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोइया, संयोजिका, अध्यक्ष संघ की एक बैठक रविवार को प्लस टू उच्च विद्यालय पेटरवार के मैदान में हुई. जिसकी अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष सारो मंडल ने की. मंच का संचालन सरिता देवी ने की. इस बैठक में गोमिया, पेटरवार एवं कसमार प्रखंड के विद्यालयों की रसोइया, संयोजिका व अध्यक्ष काफी संख्या में शामिल हुए. बैठक में आगामी 3 दिसंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में रसोइया, संयोजिका व अध्यक्ष संघों की होने वाली महाजुटान की सफलता को लेकर लिए रणनीति बनायी गई.  बैठक को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष अनिता देवी केशरी ने कहा कि रसोइयों और संयोजिकाओं को न्यूनतम वेतन लागू करने, संयोजिकाओ को रसोइयों की तरह मानदेय लागू करने, रसोइयों और संयोजिकाओ को पांच लाख रूपये का बीमा करने, पीएफ से जोड़ने, सभी तरह की सरकारी छुट्टी देने और जिस विद्यालय में एक रसोइया है वहां पर एक और रसोइया की बहाली करने सहित अन्य मांगों को लेकर मोरहाबादी में महाजुटान होगा.  मौके पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजीत प्रजापति, प्रदेश महासचिव प्रेम नाथ विश्वकर्मा, सचिव कैलाश गिरी सहित काफी संख्या में रसोइया, संयोजिका व अध्यक्ष उपस्थित थे.