राज्य में सड़क, नहर और नदियों के किनारे पौधे लगेंगे। शुक्रवार को वन, पर्यावरण विभाग की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को इसको लेकर सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभाग नीतियों एवं प्राथमिकताओं के आधार पर बेहतर ढंग से कार्य करे और लक्ष्य के अनुरूप और तेजी से पौधरोपण कराए। पौधरोपण के लिए जो कार्ययोजना बनाई गई है उसको ठीक ढंग से कार्यान्वित करें। यही नहीं, उन्होंने पहाड़ी क्षेत्र के निचले भागों में जल संग्रहण के लिए बनी जगहों पर भी पौधरोपण कराने का निर्देश दिया। साथ ही पहले से लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए सभी जरूरी उपाय करने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी भवनों के परिसर में भी जितना संभव हो पौधरोपण कराएं। सड़क किनारे भी लक्ष्य के अनुरूप तेजी से पौधरोपण कराएं। जिलों में पौधरोपण गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें और पौधरोपण के लक्ष्य को प्राप्त करें। मुख्यमंत्री ने 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की समीक्षा की और पौधरोपण अभियान की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।
