धरहरा से दशरथपुर के बीच चलने वाले टोटो चालक मे शराबियों के आतंक से दहशत का माहौल व्याप्त है। टोटो चालको के साथ लगातार मारपीट की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। सोमवार को एक टोटो चालक के साथ मारपीट के बाद दर्जनों टोटो चालक अक्रोशित होकर धरहरा थाना पहुंच गए और असमाजिक तत्वों पर कार्यवाई की मांग करने लगे। टोटो चालक पिंटू कुमार, किशन कुमार, बंटी यादव, मुकेश कुमार, रोहित कुमार, रवीश कुमार, आकाश कुमार सहित अन्य चालको ने बताया कि आए दिन अपराधिक तत्वों द्वारा धरहरा स्टैंड पहुंचकर टोटो को रिजर्व किया जाता है उसके बाद शराब के अड्डे पर वाहन को लेकर जाने के लिए जोर - जबर्दस्ती किया जाता है। चालक के विरोध करने पर उनके साथ गाली - गलौज और मारपीट की घटनाएं की जाती है। साथ ही दिन भर की मेहनत से की हुई कमाई के पैसे को भी असमाजिक तत्वों के द्वारा छीन लिया जाता हैं। धरहरा से दशरथपुर के बीच चलने वाले टोटो चालको के साथ लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से गरीब और कमजोर वाहन चालकों में असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। वहीं इस संबंध में धरहरा थाना अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन मिलने पर जांच कर उचित कारवाई की जाएगी।