*स्वच्छता अभियान के ब्रांड एंबेसडर हीरो राजन कुमार ने छठ पर्व पर लोगों से सफाई की अपील की* छठ पूजा को महापर्व कहा गया है और उसका कारण यह है कि यह आस्था और श्रद्धा का पर्व है। छठ पर्व में साफ-सफाई का विशेष ध्यान देना होता है। छठी माई की पूजा में पवित्रता और शुद्धता का खास ख्याल रखा जाता है। छठ व्रत करने से घर में सुख-शांति आती है। स्वच्छता अभियान के ब्रांड एंबेसडर हीरो राजन कुमार ने कहा कि छठ के महापर्व में लोगों को मन शुद्ध रखने के अलावा साफ सफाई का पूरा ख्याल रखने की आवश्यकता है। अपने आसपास को शुद्ध और साफ रखने की जरूरत है। मुंगेरवासियों से मेरी अपील है कि वे गंगा घाट को गंदा न होने दें। क्योंकि गंदगी से कई प्रकार की बीमारियां होती हैं। स्वच्छता अभियान के ब्रांड एंबेसडर होने के नाते मैं लोगों से विनती करूंगा कि छठ का पर्व बहुत पवित्र और शुद्ध होता है इसे उतनी ही श्रद्धा और सफाई के साथ मनाएं। मुझे कई बार भगवान सूर्य का किरदार करने का अवसर मिला है। मैंने हर परफॉर्मेंस में लोगों से यही अपील की है कि लोग साफ सफाई का ध्यान रखें। मुझे उम्मीद है कि इस बार लोग चीजों को बेहतर ढंग से करेंगे। स्वच्छता को लेकर प्रशासन की ओर से भी काफी कार्य किए जा रहे हैं। स्वच्छता के मामले में मुंगेर की रैंकिंग काफी अच्छी है। सबसे अच्छी बात है कि यह शहर गंगा तट पर स्थित है। मुम्बई में रह रहे तमाम उत्तर भारतीयों और छठ मना रहे लोगों से राजन कुमार ने अपील की कि साफ सफाई का पूरा ध्यान रखें। इस महापर्व के बारे में लोगो से बातचीत करके उन्हें बताएं। छठ का पर्व भारत के पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड जैसे राज्यों के अलावा मुम्बई और विदेशों में भी बहुत धूमधाम से मनाया जाता है। इस पर्व में भगवान सूर्यदेव की अराधना की जाती है। यह पर्व पूरे चार दिनों तक चलता है, जिसमें 36 घंटे का निर्जला व्रत भी होता है। स्वच्छता हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है पर जोड़ देते हुए हीरो राजन कुमार ने देश विदेश में रह रहे भारतीयों को महापर्व छठ की शुभकामनाएं दी।
