धरहरा (संवाददाता) : - गुरुवार की अहले सुबह धरहरा थाना क्षेत्र के जमालपुर किऊल रेलखंड के दशरथपुर रेलवे क्रासिंग से पश्चिम की ओर महज कुछ ही मीटर दूर रेलवे पटरी के किनारे संदिग्ध अवस्था में एक 20 वर्षीय विवाहित लड़की का मृत अवस्था मे शव पडा़ मिला । दशरथपुर के ग्रामीणों ने बताया कि जब वे शौच के लिए जा रहे थे तो उन्हें पटरी के किनारे एक लड़की गिरी दिखाई दी नजदीक जाने पर पता चला कि लड़की की मौत हो चुकी है।संदिग्ध अवस्था में शव के मिलने से ग्रामिणो में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी। किसी का कहना है कि लड़की की मौत ट्रेन से गिर जाने के कारण हुई है तो किसी का कहना है कि लड़की की हत्या कर शव को पटरी के किनारे फेंक दिया गया है। फिलहाल मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है ग्रामीणों के द्वारा शव मिलने की सूचना धरहरा थाना अध्यक्ष को दी गई।धरहरा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुट गई। धरहरा पुलिस ने इस संदर्भ में रेल पुलिस से भी संपर्क साधा है। सनद रहे कि लक्खीसराय जिले के किऊल बस्ती गोसाई टोला वार्ड संख्या 21 के रणवीर राम की इकलौती 20 वर्षीय विवाहित पुत्री नेहा कुमारी बुधवार की शाम अपनी मां से दुर्गा पूजा मेला घुमने की बात कह कर निकली थी लेकिन जब काफी देर होने के बावजूद पुत्री घर नही लौटी तो परिजन खोजवीन करने लगे परंतु पुत्री नेहा का कोई अता -पता नही चला।गुरुवार की अहले सुबह मजदूर पिता किऊल निवासी रणवीर राम को जानकारी मिली कि नेहा का शव दशरथपुर रेलवे स्टेशन स्थित ट्रैक के पास पडा़ है। मृतक के परिजनो ने बताया कि पिछले वर्ष 2021 मे ही नेहा का विवाह पटना जिले के मोकामा निवासी अमित राम से हुई थी लेकिन शादी के बाद नेहा अब तक अपने ससुराल नही गई थी। विजयादशमी के दिन ही उसकी विदाई होने वाली थी। मृतक के पति उसे ले जाने के लिए आने वाले थे लेकिन किसी कारण से ससुराल से कोई नही आए। मृतक माँ को मेला देखने की बात कहकर घर से निकली आखिर किसके साथ मेला घुमने गई यह एक सवाल लोगो के जेहन मे है। अगर इस रहस्य से पर्दा उठता है तो मृर्तक के गुनहगार तक पुलिस को पहुँचने मे आसानी होगी और गुनहगार जेल की सलाखो मे दिखाई पड़ेगा। बहरहाल जो भी हो नेहा की मौत से लोग हतप्रभ है। वहीं पुलिस ने शव से थोड़ी ही दूरी पर मृर्तक का पर्स बरामद किया जिसमे रखे आधार कार्ड से उक्त मृर्तक की पहचान की गई। वहीं मृर्तक के परिजन का अपनी इकलौती पुत्री का शव देखकर रो- रो कर बुरा हाल है। पुलिस शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल मुगेंर भेज दिया। पोस्टमार्टम आने के बाद ही इस हत्या के रहस्य से पर्दा उठेगा।