मुंगेर, 25 जुलाई। जिला भर में 15 से 30 जुलाई तक सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा चल रहा है । इस दौरान आशा कार्यकर्ता के द्वारा घर- घर जाकर पांच साल से कम उम्र के सभी बच्चों के बीच ओआरएस के पैकेट, जिंक टैबलेट्स और जिंक सिरप वितरित किए जा रहे हैं। ताकि, बच्चों को दस्त (डायरिया) के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके। इसके लिए वार्ड स्तर से लेकर जिलास्तर तक विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को दस्त के कारण, लक्षण और इससे बचाव की जानकारी दी जा रही है । इसी क्रम में जमालपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत इटहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय ग्रामीणों को दस्त के लक्षण और इससे बचने के उपाय के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में आए बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को ओआरएस का पैकेट और जिंक टैबलेट्स और सिरप भी दिया गया। कार्यक्रम का संचालन कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ ) अर्चना कुमारी ने किया। कार्यक्रम में आशा फैसिलिटेटर बिंदु कुमारी, आशा कार्यकर्ता ममता कुमारी, उर्मिला देवी, विशाखा कुमारी और रीना देवी के अलावा कई ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं ।