धरहरा (संवाददाता):- धरहरा थाना क्षेत्र के मोहनपुर मुसहरी टोला में शराब पीकर हंगामा कर रहे युवक को मना करना पड़ोसी राजेश मांझी को महंगा पड़ गया। शराबी रामचंद्र मांझी ने पहले राजेश की पिटाई की और बाद में उसे कुआं में धकेल दिया। वहीं स्वजनों के हंगामा के बाद गांव के लोग पहुंचे और कुआं से राजेश को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही धरहरा पुलिस पहुंची और मृतक के स्वजनों से घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेजा है। दरअसल,मामला औडाबगीचा पंचायत के मोहनपुर मुसहरी टोला का है जहां रामचंद्र मांझी बस्ती में शराब पीकर परिवार के साथ मारपीट कर रहा था यह देख पड़ोसी राजेश मांझी बीच-बचाव करने पहुंचा और रामचंद्र को समझाने लगा तो वह गुस्से में आ गया और घटना को अंजाम दे दिया।
