*सदर अस्पताल का आपातकालीन पूर्वी द्वार बंद करना मानवाधिकार का घोर उल्लंघन - केशरी* (शनिवार को होगा डीएम कार्यालय का घेराव) दलाली एवं विधि-व्यवस्था के नाम पर सदर अस्पताल का आपातकालीन पूर्वी द्वार बंद करना मानवाधिकार का घोर उल्लंघन है और जिला प्रशासन तथा अस्पताल प्रशासन को आपातकालीन पूर्वी द्वार अविलंब खोलना पड़ेगा। उपर्युक्त बातें एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने बंद पूर्वी द्वार पर आयोजित धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए कहा। श्री केशरी ने कहा कि दलालों एवं विधि-व्यवस्था के नाम पर आपातकालीन पूर्वी द्वार बंद करना मानवता के साथ गंभीर अपराध है जिसका जवाब प्रशासन को देना होगा। वरीय नेता नरेश कुमार गुप्ता एवं अजय प्रसाद सिंह ने कहा कि आपातकालीन द्वार किसी भी जिला अस्पताल में अत्यावश्यक है जिसे बंद नहीं किया जा सकता है। मो० राजा एवं हेमंत जोशी ने कहा इससे पहले कि जनाक्रोश अनियंत्रित हो जाए सदर अस्पताल के आपातकालीन पूर्वी द्वार को प्रशासन अविलंब खुलवाये। इस अवसर पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि शनिवार 25 जून को बंद किए गए आपातकालीन पूर्वी द्वार से स्थानीय नागरिकों जुलूस की शक्ल में जिला पदाधिकारी कार्यालय जाकर घेराव करेंगे तथा त्वरित चिकित्सकीय सुविधा से वंचित लोगों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे। धरना-प्रदर्शन में उदय कुमार, सत्यनारायण साह, सखीचंद यादव,मो० समीर, मो० लड्डू, किश्वर जहां, संयुक्ता कुमारी, जूली शर्मा, अरुणा शर्मा, अभिषेक, पियूष एवं ललन राम सहित अनेकों लोग शामिल थे।