*जैसा नौकर थानेदार वैसा नौकर चौकीदार - संत सिंह* मुंगेर जिला के दफादारों-चौकीदारों को अब तक एसीपी और एम एसीपी का लाभ नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि प्रत्येक साल राज्य सरकार द्वारा इन्हें एसीपी का लाभ देने के लिए आदेश निर्गत किये जातें हैं। उपर्युक्त बातें बिहार राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत के राज्य सचिव डॉ० संत सिंह ने पोलो मैदान में जिला अध्यक्ष चौकीदार रावण पासवान की अध्यक्षता में आयोजित चौकीदारों की बैठक को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा। विशिष्ट अतिथि मुंगेर प्रमंडलीय अध्यक्ष संजय केशरी ने कहा कि चौकीदारों से डाक ड्यूटी, बैंक ड्यूटी, कैदी स्कॉट ड्यूटी आदि बंद कराकर राज्य सरकार द्वारा निर्गत आदेश के आलोक में बीट में ड्यूटी लगाया जाय। श्री केशरी ने कहा कि राज्य मानवाधिकार आयोग द्वारा भी दफादारों और चौकीदारों से डाक ड्यूटी, बैंक ड्यूटी एवं कैदी स्कॉट ड्यूटी बंद करने का आदेश निर्गत किया जा चुका है लेकिन मुंगेर जिला में इसका अनुपालन नहीं हो रहा है। जिला महासचिव मो० इंसान ने दफादार चौकीदारों को चुनाव भत्ता देने की मांग करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान प्रत्येक चरण में दूसरे-दूसरे अंचलों में भेजकर दफादार चौकीदारों से चुनाव ड्यूटी ली गई लेकिन उन्हें अब तक चुनाव भत्ता नहीं दिया गया है जबकि अन्य सभी कर्मचारियों को इसका लाभ दे दिया गया है। अध्यक्षीय संबोधन में जिला अध्यक्ष रावण पासवान ने मांग किया कि वर्ष 2019 के बाद दफादार चौकीदारों का वेतन विवरणी अंचलाधिकारी कार्यालय को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से भेजा जाय ताकि दफादार चौकीदारों की सेवा पुस्तिका अद्यतन कर उन्हें एसीपी और एमएसीपी का लाभ दिया जा सके। जिला प्रवक्ता चौकीदार अशोक कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन किया गया। बैठक में दशरथ पासवान, नन्दन कुमार यादव, समरजीत पासवान, रघुनाथ सिंह, राजन कुमार, उपेन्द्र पासवान, सुधा देवी, रवीन्द्र तांती, फकीरा पासवान, मिथिलेश सिंह, बिहारी पासवान, उज्जवल सिंह एवं प्रयाग पासवान आदि चौकीदार उपस्थित थे।
