मुंगेर-मिर्जाचौकी एनएच 80 फोरलेन सड़क निर्माण हेतु जमीन अधिग्रहण का उचित मुआवजा को लेकर किसान समुचित मुआवजा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय केशरी की अध्यक्षता में शहीद स्मारक के समक्ष सैंकड़ों किसानों ने एकदिवसीय महाधरना दिया। उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष संजय केशरी ने कहा कि मुंगेर में पदाधिकारियों के द्वारा मुआवजा राशि में ना सिर्फ सुप्रीम कोर्ट के गाइडलाइंस का उल्लंघन कर रहे हैं बल्कि खतियान के आधार पर मुआवजा राशि तय करके किसानों के आक्रोश को भी भड़का रहे हैं। श्री केशरी ने कहा कि किसानों को समुचित मुआवजा देने की राह में बाधक बन रहे पदाधिकारी जेल जाने के लिए तैयार रहें। सचिव विश्वजीत मल्ल ने कहा कि किसानों को एमवीआर के अनुसार जमीन का मुआवजा मिलना चाहिए। प्रवक्ता संतोष कुमार चौधरी ने कहा कि हमें रजिस्ट्री कार्यालय के अनुसार हमारी जमीन का जो दर निर्धारित है उतना ही मुआवजा दे दें। राजद नेता विजय कुमार यादव ने कहा कि किसानों की जमीन का समुचित मुआवजा के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव भी कमर कस चुके हैं। कोषाध्यक्ष डब्लू मालाकार ने कहा कि सरकार हमें हमारी जमीन का समुचित मुआवजा नहीं देती है तो हम किसान कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं।