मुंगेर, विश्व मलेरिया दिवस 25 अप्रैल को है। इसको लेकर बच्चों और शिक्षकों को मलेरिया के लक्षण और उससे बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा विभिन्न स्कूलों में पम्पलेट और हैंडबिल वितरित कर मलेरिया के लक्षण और उससे बचाव को बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस के रूप में मानने का निर्देश प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही एंटी मलेरिया माह का भी आयोजन किया जाना है। इस दौरान जिलाभर में विभिन्न प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। इसको ले जिलाभर के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को पत्र जारी किया गया है।
